CG Prime News@रायपुर. Two prisoners escaped from Raipur court premises राजधानी रायपुर के जिला कोर्ट परिसर से दो कैदी पुलिस को चकमा देकर भाग गए। दोनों कैदियों को पुलिसकर्मी पेशी के लिए कोर्ट लेकर आए थे। इसी का फायदा उठाकर रिश्ते में बाप-बेटे दोनों कैदी फरार हो गए। घटना बुधवार की है। फरार कैदी जब चार घंटे बाद भी नहीं मिले तो पुलिसकर्मियों ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराई।
भीड़-भाड़ का उठाया फायदा
दरअसल, रायपुर जेल में बंद कैदी राजेश मार्कण्डेय और तुलाराम मारकण्डेय को बुधवार को न्यायिक अभिरक्षा से कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था। आरक्षक ईसरार गौरी को आरोपियों की निगरानी में लगाया गया था। पेशी के बाद उसे वापस जेल ले जाने की तैयारी की जा रही थी।
इसी दौरान भीड़ और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर दोनों कैदी पुलिस अभिरक्षा से निकलकर फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद पुलिसकर्मियों ने कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में तलाशी शुरू की, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगे। आरक्षक ने वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की सूचना दी। दोनों फरार कैदी रिश्ते में बाप-बेटे है। इनको मारपीट और हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
तलाश में जुटी पुलिस
कोर्ट परिसर से फरार आरोपियों की तलाश करने पर जब वो नहीं मिले तो सिविल लाइन थाने पहुंचकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। कोर्ट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपियों के फरार होने की दिशा और संभावित ठिकानों की तलाश पुलिस टीम कर रही है।
पहले भी फरार हो चुके आरोपी
रायपुर कोर्ट परिसर से कैदी फरार होने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई आरोपी फरार हो चुके है। फरार हुए कई आरोपियों का विवेचना अधिकारी अब तक पता नहीं लगा पाए है।कोर्ट परिसर से कैदी फरार होने के मामले में सुरक्षाकर्मियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे है। पूर्व में भी कोर्ट परिसर में वीआईपी ट्रीटमेंट के कई मामले सामने आ चुके है।
