Thursday, February 12, 2026
Home » Blog » सड़क जाम व पुलिस से हाथापाई मामले में आरोपी मनोज राजपूत गिरफ्तार

सड़क जाम व पुलिस से हाथापाई मामले में आरोपी मनोज राजपूत गिरफ्तार

पटेल चौक, दुर्ग में जमीन रजिस्ट्री दरों के विरोध में हुआ था प्रदर्शन; हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद मनोज राजपूत की औपचारिक गिरफ्तारी, अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी

by cgprimenews.com
0 comments
दुर्ग के पटेल चौक में बिना अनुमति सड़क जाम और पुलिस से हाथापाई के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी

अब तक 6 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बिना अनुमति सड़क जाम कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में दुर्ग पुलिस ने एक फरार आरोपी मनोज राजपूत को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में अब तक 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी है। आरोपी एमआर लेआउट के संचालक मनोज राजपूत दो महीने से फरार था। (Manoj Rajput, accused in road blockade and scuffle with police, arrested)

क्या है पूरा मामला?

दुर्ग सिटी कोतवाली टीआई नवीन राजपूत ने बताया कि 1 दिसंबर 2025 को पटेल चौक स्थित बीएसएनएल कार्यालय के सामने कुछ व्यक्तियों ने जमीन रजिस्ट्री की बढ़ी हुई दरों के विरोध में बिना पूर्व अनुमति के प्रदर्शन करते हुए मार्ग अवरुद्ध कर दिया था। मौके पर मौजूद पुलिस बल द्वारा प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी जा रही थी, लेकिन इस दौरान कुछ लोगों ने उग्र व्यवहार करते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों से हाथापाई की और आवागमन बाधित किया। घटना में प्रधान आरक्षक राधेश्याम चंद्राकर, आरक्षक केशव कुमार, आरक्षक तुषार सलामे, आरक्षक अजय साहू एवं आरक्षक हिमांशु जंघेल को चोटें आई थीं।

इन धाराओं में दर्ज हुआ अपराध

घटना के संबंध में थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 609/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 221, 126(2) एवं 191(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। पूर्व में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
प्रकरण के आरोपी मनोज राजपूत (50 वर्ष), निवासी सिकोला भाठा, दुर्ग को उच्च न्यायालय से जमानत मिलने के बाद विधिवत गिरफ्तार कर सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने पर जमानत मुचलके पर रिहा किया गया।

ये हैं गिरफ्तार आरोपी

कोतवाली पुलिस ने अनिल वासनिक, विक्की चंद्राकर, दिनेश पाण्डेय, राकेश यादव, जितेन्द्र बत्रा एवं मनोज राजपूत को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं शुभम सिंह राजपूत, यशवंत सिंह राजपूत, ओमप्रकाश कोटवानी, गीतेश ठाकुर सहित अन्य की तलाश जारी है।  अब देखना यह है कि दुर्ग पुलिस इन्हें कब तक गिरफ्तार कर पाएंगी।

You may also like