Wednesday, February 11, 2026
Home » Blog » Bhilai: पापा के डांट के डर से घर से निकली 3 बच्चियां, एक दिन बाद उसलापुर में मिली

Bhilai: पापा के डांट के डर से घर से निकली 3 बच्चियां, एक दिन बाद उसलापुर में मिली

बालिकाओं को सुरक्षित चिल्ड्रन होम में रखा गया

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
cg prime news

CG Prime News@भिलाई. Three minor girls went missing from Bhilai, police have recovered them दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र से लापता हुई तीन नाबालिग बच्चियों को पुलिस ने बिलासपुर के उसलापुर रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया है। बच्चियां घर वालों की डांट फटकार के डर से पावरहाउस रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार होकर उसलापुर पहुंच गई थीं। तीनों बच्चियों ने इस बारे में किसी को नहीं बताया था। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस एक्शन में आई और तीनों बच्चियों को ढूंढ निकाला।

बच्चियां घर से बिना बताएं गईं थी सुपर मार्केट

दरअसल तीनों बच्चियां घर में किसी को बताए बिना स्मृति नगर क्षेत्र के सुपर मार्केट पहुंच गई थीं। यहां तीनों बच्चियों में से एक लड़की ने अपने कपड़े में एक चाकलेट छिपा लिया। दुकान से बाहर निकलते वक्त स्टाफ ने बच्ची को चाकलेट बिना बिल किए ले जाते हुए पकड़ लिया। जब स्टाफ ने तलाशी ली तो एक बच्ची ने कपड़े से चाकलेट निकालकर दिया और इस बात के लिए उनसे माफी मांगी।

सुपर मार्केट के स्टाफ ने परिजनों को दी सूचना

सुपर मार्केट के स्टाफ ने इस बात को लेकर तीनों बच्चियों से घर-परिवार के बारे में पूछताछ की। एक बच्ची के घर वालों को फोन कर इस बारे में जानकारी दी। स्टाफ अपने काम में जुटा था, इसी बीच तीनों बच्चियां वहां से बिना बताए चुपके से निकल गई। सीधे पावरहाउस रेलवे स्टेशन पहुंच गई। जहां घटना को लेकर घर वालों की डांट फटकार से बचने के लिए वे घबराकर ट्रेन में सवार हो गई। जब देर रात तक बच्चियां घर नहीं पहुंची तब अगली सुबह परिजनों ने पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने शिकायत मिलते ही मामले को गंभीरता से लिया और अलग-अलग टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चियों को बिलासपुर के उसलापुर रेलवे स्टेशन से बरामद कर दिया।

तीनों बालिकाओं ने किसी को नहीं बताया था

सुपेला थाना पुलिस ने बताया कि 6 फरवरी 2026 को शाम लगभग 4 बजे थाना सुपेला क्षेत्र अंतर्गत अर्जुन नगर कैंप-1, सुपेला की रहने वाली तीन बालिकाएं घर से नाराज होकर बिना बताए चली गई थीं। 7 फरवरी 2026 को परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने पर थाना सुपेला में गुमशुदगी के संबंध में अपराध क्रमांक 221/2026 एवं 222/2026 कायम कर विधिवत विवेचना में लिया गया।

अलग-अलग टीमों का गठन किया गया

बालिकाओं के गुम होने की सूचना प्राप्त होते ही दुर्ग डीआईजी विजय अग्रवाल ने तत्काल टीम गठित करने का निर्देश दिए। नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक बालक विरुद्ध अपराध चित्रा वर्मा के नेतृत्व में चार अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। टीमों द्वारा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन, गवाहों से पूछताछ और संभावित स्थानों पर लगातार पतासाजी की गई। साथ ही आरपीएफ, जीआरपी और चाइल्ड लाइन को भी सूचना देकर समन्वय स्थापित किया गया।

प्राप्त सूचनाओं के आधार पर रेलवे पुलिस द्वारा तीनों बालिकाओं को उसलापुर, जिला बिलासपुर से सकुशल दस्तयाब किया गया है। बालिकाओं को नियमानुसार सुरक्षित चिल्ड्रन होम में रखा गया है। सूचना मिलने पर परिजन दुर्ग पुलिस के साथ बिलासपुर के लिए रवाना हो गए हैं।

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि बच्चों के संबंध में किसी भी प्रकार की असामान्य स्थिति या गुमशुदगी की सूचना तत्काल नजदीकी थाना अथवा डायल 112 पर दें। समय पर सूचना मिलने से त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई संभव हो पाती है।

You may also like