Wednesday, February 11, 2026
Home » Blog » ओबीसी विकास पर सरकार सख्त और सक्रिय: सीएम

ओबीसी विकास पर सरकार सख्त और सक्रिय: सीएम

दुर्ग में पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण की पहली बैठक, दो माह में काम पूरे करने के निर्देश

by cgprimenews.com
0 comments
CM Vishnu Deo Sai reviewing OBC development plans in Durg meeting

दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि राज्य सरकार अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) समुदाय के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और प्रशासनिक स्तर पर जवाबदेही तय करने की दिशा में ठोस प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण की प्रथम बैठक जिला मुख्यालय दुर्ग के लोक निर्माण विभाग सभाकक्ष में आयोजित की गई।

विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा

बैठक में वित्तीय वर्ष 2020-21 से 2024-25 तक प्राधिकरण के अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यों, प्रगतिरत एवं अप्रारंभ कार्यों, नवीन प्रस्तावों और बजट प्रावधानों की जिलेवार समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वीकृत सभी विकास कार्यों को आगामी दो माह की समय-सीमा में पूर्ण किया जाए और बजट का समयबद्ध एवं पूर्ण उपयोग सुनिश्चित हो।

कलेक्टरों को सख्त निर्देश

मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने जिलों में ओबीसी क्षेत्र से संबंधित स्वीकृत कार्यों की नियमित निगरानी करें और योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों तक पहुँचे, यह सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विकास कार्य केवल कागज़ों तक सीमित न रहें, बल्कि ज़मीन पर दिखाई देने चाहिए।

शिक्षा, छात्रावास और रोजगार पर जोर

बैठक में ओबीसी छात्रों की शिक्षा गुणवत्ता सुधार, छात्रावासों के उन्नयन, रख-रखाव और सुविधाओं के विस्तार पर विशेष चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए रोजगार और कौशल विकास को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर भी बल दिया गया।

35 विधानसभा क्षेत्रों में होगा केंद्रित विकास

उल्लेखनीय है कि प्राधिकरण के अंतर्गत राज्य के 35 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं, जहां आधारभूत नागरिक सुविधाएं, सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियां, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य “सबका साथ, सबका विकास” को ज़मीन पर उतारना है।

बैठक में रहे ये प्रमुख लोग उपस्थित

बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायकगण, 17 जिलों के कलेक्टर एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

You may also like