Home » Blog » पश्चिम जोन में फरार वारंटियों पर पुलिस का शिकंजा

पश्चिम जोन में फरार वारंटियों पर पुलिस का शिकंजा

एक सप्ताह के विशेष अभियान में 162 वारंटी गिरफ्तार, सभी भेजे गए जेल

by cgprimenews.com
0 comments
रायपुर पश्चिम जोन पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए फरार वारंटी

रायपुर। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) पश्चिम संदीप पटेल के निर्देशन में फरार वारंटियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पश्चिम जोन पुलिस द्वारा एक सप्ताह का विशेष अभियान चलाकर कुल 162 फरार वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करते हुए जेल भेजा गया है। इस सघन अभियान से अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में चला विशेष अभियान

अभियान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा एवं पश्चिम जोन के सहायक पुलिस आयुक्तों के नेतृत्व में चलाया गया। इसके अंतर्गत थाना आजाद चौक, सरस्वती नगर, कबीर नगर, आमानाका, पुरानी बस्ती, डीडी नगर, टिकरापारा, राजेंद्र नगर एवं मुजगहन थाना क्षेत्रों में लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों की पतासाजी कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की गई।

थानावार की गई कार्रवाई

पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, थाना टिकरापारा से 38, आजाद चौक से 20, सरस्वती नगर से 16, राजेंद्र नगर से 19, पुरानी बस्ती से 17, डीडी नगर से 15, आमानाका से 14, कबीर नगर से 17 एवं मुजगहन से 6 वारंटियों की तामील की गई। इनमें स्थायी वारंट 74 एवं गिरफ्तारी वारंट 88 शामिल हैं।

गंभीर अपराधों में फरार थे आरोपी

अभियान के दौरान जिन वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, वे चोरी, लूट, मारपीट, नारकोटिक्स एक्ट, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट सहित विभिन्न गंभीर आपराधिक प्रकरणों में लंबे समय से फरार चल रहे थे। पुलिस टीमों ने तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना एवं सतत निगरानी के आधार पर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया।

अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभियानों का उद्देश्य कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करना और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। पश्चिम जोन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपियों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

You may also like