CG Prime News@भिलाई. भिलाई के छावनी इलाके में गुरुवार को सामुदायिक भवन निर्माण को लेकर दो समुदायों में विवाद हो गया। मामला इस कदर बढ़ गया कि पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा। दरअसर छावनी थाना क्षेत्र के कैंप-1 इलाके में मुस्लिम समाज के सामुदायिक भवन के भूमिपूजन को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। जिस जगह को सामुदायिक भवन बनाने के लिए चिन्हित किया गया है उसी परिसर में एक मंदिर है। ऐसे में हिंदू संगठन और आस-पास के रहवासियों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। जिससे मामला गरमा गया।
स्थानीय लोगों ने जताई आपत्ति
मिली जानकारी के अनुसार नगर निगम की ओर से मुस्लिम समाज के लिए प्रस्तावित सामाजिक भवन को स्वीकृति दी गई थी। इसके लिए राशि भी पास हो चुकी थी। भूमिपूजन कार्यक्रम सुबह होना था, लेकिन स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों ने आपत्ति जताते हुए इसका विरोध शुरू कर दिया।

भिलाई में सामुदायिक भवन भूमिपूजन में भिड़े दो समुदाय के लोग, पुलिस ने संभाला मोर्चा
परिसर में ही मंदिर मौजूद
स्थानीय लोगों का कहना है कि, जिस परिसर में सामुदायिक भवन बनाया जाना है, वहां पहले से एक पुराना मंदिर भी मौजूद है। उनका आरोप है कि भवन बनने के बाद यहां खाने-पीने की व्यवस्था होगी। जिसमें नॉनवेज भोजन भी शामिल हो सकता है। जिससे मंदिर की आस्था को ठेस पहुंचेगी। इसी वजह से उन्होंने निर्माण का विरोध किया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
विवाद की सूचना मिलते ही छावनी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर शांत कराया। पुलिस के पहुंचने से पहले कुछ समय के लिए झड़प जैसी स्थिति भी निर्मित हुई थी। फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में माहौल शांत है। प्रशासन ने दोनों पक्षों से बातचीत कर आगे की कार्रवाई और समाधान निकालने की बात कही है।
मुस्लिम पक्ष बोला- निगम से पैसा भी पास
वहीं, मुस्लिम पक्ष का कहना है कि, उन्होंने संवैधानिक तरीके से समाज के लिए सामुदायिक भवन की मांग की थी। नगर निगम से इसकी स्वीकृति मिलने के बाद आज भूमिपूजन होना था, लेकिन विरोध के चलते कार्यक्रम रोकना पड़ा।
हिंदू संगठन बोला- हमें नहीं बुलाया
हिंदू संगठन बजरंग दल के सहसंयोजक अजय सिंह ने आरोप लगाया कि, भूमिपूजन कार्यक्रम में हिंदू समाज के लोगों को आमंत्रित नहीं किया गया था। केवल मुस्लिम समाज के लोग ही शामिल थे।
