राजनांदगांव। थाना सिटी कोतवाली राजनांदगांव पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 07 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से मादक पदार्थ अल्फ्राजोलम टैबलेट सहित नगद राशि जप्त की गई है। यह कार्रवाई युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर देर रात दबिश
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम के नेतृत्व में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 04 फरवरी 2026 की रात मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि महाकाल टी स्टॉल, बायपास रोड के पास नशीली टैबलेट की अवैध बिक्री की जा रही है।
450 टैबलेट और नकद राशि बरामद
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर सात संदिग्धों को पकड़ा। विधिवत तलाशी लेने पर उनके कब्जे से अल्फ्राजोलम टैबलेट 450 नग (वजन 48.06 ग्राम), कीमत लगभग ₹1350 तथा नकद ₹840 बरामद किए गए। कुल जप्ती ₹2190 की रही। औषधि निरीक्षक द्वारा जांच में टैबलेट को नशीली दवा प्रमाणित किया गया।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
वैध दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 93/26 धारा 21(बी) NDPS एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर 05 फरवरी 2026 को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया।
पुलिस की सख्त चेतावनी
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशीली दवाओं, गांजा एवं अवैध शराब की बिक्री में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आगे भी इस प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
