Home » Blog » युवाओं को नशे से बचाने दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई

युवाओं को नशे से बचाने दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई

35 से अधिक टीमों की एक साथ रेड, ‘गोगो पेपर’ व हुक्का सामग्री जब्त

by cgprimenews.com
0 comments
दुर्ग में नशे के खिलाफ संयुक्त पुलिस रेड कार्रवाई

दुर्ग। युवाओं में बढ़ते नशे के प्रचलन पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने बड़ी और समन्वित कार्रवाई करते हुए शहर में अवैध रूप से बिक रही नशीली सामग्री के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 35 से अधिक पुलिस टीमों ने एक साथ अलग-अलग क्षेत्रों में रेड कर करीब 02 लाख रुपये मूल्य की नशीली सामग्री जब्त की है। मामले में COTPA Act के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

एक साथ शहरभर में हुई रेड कार्रवाई

दुर्ग पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के तहत यह सामने आया कि शहर के कई पान ठेले, गुमटियां और डेली नीड्स दुकानों पर गांजा सेवन में प्रयुक्त ‘गोगो/रोलिंग पेपर’, चिलम, हुक्का फ्लेवर और प्रतिबंधित जर्दायुक्त पान मसाला खुलेआम बेचा जा रहा था। यह गतिविधियां विशेषकर युवाओं के स्वास्थ्य और भविष्य के लिए गंभीर खतरा बन रही थीं।

करीब दो लाख की नशीली सामग्री जब्त

संयुक्त पुलिस टीमों ने नियमानुसार तलाशी लेकर भारी मात्रा में गोगो/रोलिंग पेपर, हुक्का फ्लेवर, चिलम और प्रतिबंधित पान मसाला जब्त किया। शैक्षणिक संस्थानों के आसपास और सार्वजनिक स्थलों पर COTPA Act के उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के अंतर्गत इस्तगासा प्रस्तुत कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।

सप्लाई चेन पर भी पुलिस की नजर

जांच के दौरान जब्त सामग्री की Backward Linkage (सप्लाई चेन) का भी पता लगाया गया है। पुलिस के अनुसार इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के विरुद्ध आगामी दिनों में और सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इन क्षेत्रों में हुई प्रमुख कार्रवाई

मोहन नगर क्षेत्र से 08, स्मृतिनगर से 05, नेवई से 02 तथा दुर्ग क्षेत्र से 01 दुकान/ठेले पर कार्रवाई की गई है। कुल 17 दुकानदारों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की गई।

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि नशे से दूर रहें और नशे से जुड़ी किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी

You may also like