रायपुर | पुलिस कमिश्नरेट द्वारा #संवाद से समाधान अभियान के तहत होटल, ढाबा, लॉज एवं बार संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक सिविल लाइन रायपुर स्थित सी/4 भवन के सभाकक्ष में संपन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता पुलिस उपायुक्त (नार्थ जोन) मयंक गुर्जर ने की। बैठक का उद्देश्य पुलिस और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के बीच संवाद स्थापित कर कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना रहा।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी
बैठक में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम एवं एसीपी पूर्णिमा लामा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। नार्थ जोन के अंतर्गत आने वाले थाना खमतराई, उरला, गुढ़ियारी, पंडरी एवं खम्हारडीह क्षेत्र के समस्त होटल, ढाबा, लॉज एवं बार संचालकों ने बैठक में सहभागिता की।
नियमों के कड़ाई से पालन के निर्देश
पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर ने प्रतिष्ठानों के संचालन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सभी संचालकों को शासन द्वारा निर्धारित लाइसेंस शर्तों, समय-सीमा, तथा कानूनी प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध गतिविधियों पर पूर्ण रोक लगाने और प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
ग्राहकों की सुरक्षा पर विशेष फोकस
बैठक के दौरान होटल एवं लॉज में ठहरने वाले ग्राहकों का विधिवत रिकॉर्ड संधारण, पहचान पत्रों की जांच, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, महिला एवं आम नागरिकों की सुरक्षा, तथा नशे से जुड़ी गतिविधियों पर सतर्कता जैसे बिंदुओं पर विशेष चर्चा की गई। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने के निर्देश भी दिए गए।
सहयोग से मजबूत होगी कानून-व्यवस्था
एडीसीपी आकाश मरकाम एवं एसीपी पूर्णिमा लामा ने संचालकों से पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने और समाज में सकारात्मक वातावरण कायम रखने की अपील की। बैठक में उपस्थित संचालकों ने भी पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
