पलारी। जिले में आमजनों की शिकायतों एवं आपराधिक गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई के उद्देश्य से शुरू की गई महत्वाकांक्षी योजना “समाधान सेल” लगातार प्रभावी साबित हो रही है। इसी क्रम में “समाधान सेल” में प्राप्त सूचना के आधार पर थाना पलारी पुलिस ने अवैध रूप से शराब बिक्री करने वाले 02 शराब कोचियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
दतान रोड और बालसमुंद तालाब के पास घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में थाना पलारी की पुलिस टीम ने दिनांक 28 जनवरी 2026 को दतान रोड पलारी के पास एवं बालसमुंद तालाब क्षेत्र में घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान अवैध रूप से शराब का परिवहन एवं बिक्री करते हुए दोनों आरोपियों को मौके पर पकड़ लिया गया।
₹7200 की शराब और मोटरसाइकिल जप्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹7200 कीमत की 12.96 बल्क लीटर देशी मसाला शराब बरामद की। इसके साथ ही अवैध शराब परिवहन में प्रयुक्त लूना मोटरसाइकिल क्रमांक CG22 U 1073 को भी जप्त किया गया।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध थाना पलारी में धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया जारी है।
“समाधान सेल” से मिल रही लगातार कामयाबी
जिले में शुरू की गई “समाधान सेल” योजना के माध्यम से नागरिक व्हाट्सएप अथवा कॉल के जरिए किसी भी प्रकार की सूचना, शिकायत या आपराधिक गतिविधि की जानकारी दे सकते हैं। इस हेल्पलाइन की सहायता से पुलिस को अपराधियों तक पहुँचने में लगातार सफलता मिल रही है।
आमजनों से अपील
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अवैध शराब बिक्री या अन्य अपराध की जानकारी “समाधान सेल” हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर अवश्य साझा करें।
आरोपियों के नाम
-
फत्तेलाल चेलक, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम दतान, थाना पलारी
-
दुलेश्वर प्रसाद साहू, उम्र 52 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 07 पलारी, थाना पलारी
