बलौदाबाजार। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिला बलौदाबाजार-भाटापारा में साइबर पुलिस थाना का शुभारंभ किया गया। दिनांक 28 जनवरी 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम बलौदाबाजार में स्थापित इस साइबर थाना का वर्चुअल उद्घाटन माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं माननीय उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा द्वारा रायपुर से जुड़कर किया गया।
साइबर अपराधों की रोकथाम में होगी तेजी
उद्घाटन अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री एवं उप मुख्यमंत्री ने कहा कि साइबर थाना की स्थापना से ऑनलाइन ठगी, साइबर फ्रॉड एवं डिजिटल अपराधों पर प्रभावी रोक लगेगी। इससे साइबर अपराधियों की पहचान, धरपकड़ एवं मामलों की विवेचना में तेजी आएगी और आम नागरिकों को त्वरित न्याय मिल सकेगा।
रोजनामचा लेखन के साथ कार्य प्रारंभ
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बलौदाबाजार-भाटापारा द्वारा रोजनामचा लेखन कर साइबर थाना का विधिवत शुभारंभ किया गया। उन्होंने बताया कि जिले में लगातार बढ़ रहे साइबर अपराधों को देखते हुए इस थाना की स्थापना अत्यंत आवश्यक थी, जिससे साइबर मामलों का केंद्रीकृत एवं तकनीकी तरीके से निराकरण किया जा सके।
साइबर मामलों की सीधी जांच अब साइबर थाने में
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने जानकारी दी कि वर्ष 2024 और 2025 में जिले में कुल 1952 साइबर संबंधी शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इन मामलों में अब तक 23 प्रकरणों में एफआईआर दर्ज कर देश के विभिन्न राज्यों से 108 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। पहले साइबर अपराधों की रिपोर्ट संबंधित थानों में दर्ज होती थी, लेकिन अब सभी साइबर प्रकरण सीधे साइबर थाना भेजे जाएंगे और यहीं एफआईआर दर्ज कर शीघ्र विवेचना की जाएगी।
16 पुलिसकर्मियों की तैनाती, निरीक्षक बने थाना प्रभारी
साइबर थाना के प्रभावी संचालन हेतु निरीक्षक प्रणाली वैद्य को थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनके साथ 01 सहायक उप निरीक्षक, 02 प्रधान आरक्षक सहित कुल 16 पुलिस स्टाफ को साइबर थाना बलौदाबाजार में तैनात किया गया है।
उद्घाटन समारोह में रहे कई जनप्रतिनिधि उपस्थित
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष आनंद यादव, पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार सहित अनेक पुलिस अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
