मामला क्या है
जशपुर जिले के थाना दुलदुला क्षेत्रांतर्गत ग्राम भिंजपुर में टोनही प्रताड़ना और अंधविश्वास से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया था। मृत महिला को जिंदा करने का दावा करते हुए तंत्र-मंत्र के नाम पर बैगाओं ने परिजनों से पैसे वसूले और बाद में गांव की एक महिला पर टोनही होने का आरोप लगाकर उसे प्रताड़ित कराया गया। इस मामले में जशपुर पुलिस पहले ही महिला से मारपीट करने वाले आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी।
फरार बैगाओं की गिरफ्तारी
घटना के बाद से आरोपी बैगा फरार थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी। मुखबिर सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर पुलिस टीम ने रायगढ़ जिले के घरघोड़ा और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला क्षेत्र से दोनों फरार बैगाओं को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम कृपा चौहान (44) और संतु राम चौहान (50) हैं।
पुलिस की कार्रवाई और संदेश
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के नाम पर ठगी करने तथा महिला को टोनही बताने की साजिश स्वीकार की। आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अंधविश्वास फैलाने और टोनही प्रताड़ना जैसे अपराधों में किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
