Wednesday, February 11, 2026
Home » Blog » कबीरधाम: नाबालिग से लूट का आरोपी मोटरसाइकिल व लच्छा सहित गिरफ्तार

कबीरधाम: नाबालिग से लूट का आरोपी मोटरसाइकिल व लच्छा सहित गिरफ्तार

एसपी कबीरधाम के निर्देशन में थाना कुण्डा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को पकड़ा, लूटा गया चांदी का लच्छा और बाइक बरामद।

by cgprimenews.com
0 comments
कबीरधाम पुलिस द्वारा नाबालिग से लूट के आरोपी की गिरफ्तारी और बरामद सामान।

 

कबीरधाम। जिले में नाबालिग से लूट की वारदात का पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए सफल खुलासा किया है। पुलिस अधीक्षक कबीरधाम धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल, पंकज पटेल तथा एसडीओपी भूपत सिंह के मार्गदर्शन में थाना कुण्डा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की सम्पत्ति बरामद की।

घटना कैसे हुई

प्रार्थिया ने थाना कुण्डा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 15 अगस्त 2025 को उसका नाबालिग पुत्र स्कूल जा रहा था। रास्ते में ग्राम सेन्हाभाठा निवासी आरोपी दिवेन्द्र उर्फ देवेन्द्र साहू (25 वर्ष) ने उसे रोककर पैसों की मांग की। पैसे न देने पर आरोपी बच्चे को अपने घर ले गया और हथियार जैसा दिखाकर डराया–धमकाया। इसके बाद पीड़ित से उसकी मां के कमरे में रखा चांदी का लच्छा निकलवाकर अपने कब्जे में ले लिया।

आरोपी ने चोरी का आभूषण बेचने की कोशिश

पुलिस के अनुसार आरोपी नाबालिग को मोटरसाइकिल में बैठाकर ग्राम पोड़ी ले गया, जहां उसने चांदी का लच्छा बेचने का प्रयास किया, लेकिन असफल होने पर वापस गांव लौट आया। बाद में नाबालिग ने घटना की जानकारी अपनी मां को दी, जिसके आधार पर थाना कुण्डा में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस की कार्रवाई

विवेचना के दौरान 7 दिसंबर 2025 को पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया चांदी का लच्छा और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (CG 09 JP 6977) बरामद कर ली। आरोपी के खिलाफ धारा 308(2), 309(2), 137(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

थाना प्रभारी कुण्डा निरीक्षक विमल लवानिया और उनकी टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने कहा कि बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

You may also like