जांजगीर-चांपा. जिले में शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देकर करीब 8.45 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
निवेश पर ज्यादा मुनाफे का दिया झांसा
मामले में प्रार्थी भूधर प्रसाद देवांगन (38 वर्ष), निवासी अखराभांठा, जिला सक्ती ने थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2021 में उसकी पहचान कोलकाता निवासी विश्वजीत देबनाथ से हुई थी। आरोपी ने शेयर मार्केट में निवेश करने पर हर महीने 5 प्रतिशत ब्याज और अधिक लोगों को जोड़ने पर अतिरिक्त लाभ का लालच दिया।
आरोपी के झांसे में आकर प्रार्थी एवं अन्य लोगों ने नगद, आरटीजीएस, एनईएफटी और चेक के माध्यम से कुल 8,45,00,000 रुपये निवेश कर दिए। शुरुआत में कुछ महीनों तक ब्याज दिया गया, लेकिन बाद में आरोपी टालमटोल करने लगा और पैसा वापस नहीं किया।
पश्चिम बंगाल से गिरफ्तारी
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी की लोकेशन पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में ट्रेस की। पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने ठगी की रकम से कार खरीदने, सोना खरीदने और घर की मरम्मत कराने की बात स्वीकार की।
कार समेत कई सामान जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक क्रेटा कार, 12 अलग-अलग बैंकों की चेकबुक, 9 डेबिट कार्ड, 8 क्रेडिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, तीन महंगे मोबाइल फोन तथा 30 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ धारा 420 और 34 भादवि के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक उमेंद्र मिश्रा, आरक्षक आदित्य प्रताप, गोपेश्वर सिंह, महिला आरक्षक निरमा टोप्पो तथा साइबर टीम के विवेक सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने लोगों से निवेश से पहले सत्यापन करने की अपील की है।
