दुर्ग। थाना मोहन नगर क्षेत्र में शिवजी की बारात के दौरान हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना 16 फरवरी 2026 की है, जब पुरानी रंजिश को लेकर विवाद बढ़ा और आरोपियों ने मारपीट कर धारदार हथियार से प्राणघातक हमला कर दिया। घायल युवक को सिकोला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
प्रार्थी शिव कुमार गोड (51), निवासी शांति नगर, दुर्ग ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका पुत्र क्षय कुमार गोड उर्फ नानू शिवजी की बारात देखने गया था। इसी दौरान कुछ युवकों से पुरानी बात को लेकर विवाद हुआ और आरोपियों ने हमला कर दिया।
मामले में थाना मोहन नगर में अपराध क्रमांक 134/2026 के तहत धारा 103, 3(5) BNS में अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
सीसीटीवी से मिली अहम कड़ी
घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई। घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर सभी 7 आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते हमला करना स्वीकार किया।
आरोपी और जप्ती
गिरफ्तार आरोपियों में करण उर्फ बाटा, मनीष देशमुख उर्फ पाडू, अश्वनीद चंद्राकर, आशीष चतुर्वेदी उर्फ मोनू, शुभम देवांगन उर्फ राजा, जितेश वर्मा उर्फ पोगो और आदित्य सेन उर्फ ब्राण्डेड शामिल हैं।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक धारदार हथियार जप्त किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि धार्मिक व सार्वजनिक आयोजनों में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखें। किसी भी विवाद या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
