Home » Blog » 03 जिलों में चोरी की 5 वारदातों का खुलासा, 3 नाबालिग आरोपी पकड़े

03 जिलों में चोरी की 5 वारदातों का खुलासा, 3 नाबालिग आरोपी पकड़े

रायपुर, गरियाबंद और दुर्ग में वाहन व सूने मकानों को बनाते थे निशाना, ₹2.5 लाख के वाहन व जेवरात बरामद

by cgprimenews.com
0 comments
पुलिस द्वारा बरामद चोरी की मोटरसाइकिलें और जेवरात के साथ कार्रवाई का दृश्य

रायपुर। राजधानी रायपुर सहित तीन जिलों में चोरी की लगातार वारदातों को अंजाम देने वाले विधि के साथ संघर्षरत तीन बालकों के विरुद्ध पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच मामलों का खुलासा किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और संबंधित थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चोरी की तीन मोटरसाइकिल और चांदी के जेवरात सहित लगभग 2.50 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।

डीसीपी क्राइम के निर्देशन में कार्रवाई

पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के मार्गदर्शन में गठित टीम ने रायपुर के पंडरी और न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्रों में हुई वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। घटनास्थलों के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।

जांच के दौरान एक बालक को हिरासत में लिया गया, जिसने पूछताछ में अपने दो साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।

तीन जिलों में ऐसे देते थे वारदात को अंजाम

पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों बालक चोरी की मोटरसाइकिलों से अलग-अलग जिलों में घूमकर सूने मकानों और खड़े वाहनों को निशाना बनाते थे।
इनके द्वारा —

  • रायपुर में 2 दोपहिया वाहन चोरी,

  • गरियाबंद जिले में सूने मकान व वाहन चोरी,

  • दुर्ग जिले के पाटन क्षेत्र में मकान का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया।

बरामद सामग्री

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने:

  • 03 चोरी की मोटरसाइकिल

  • चांदी के जेवरात
    कुल लगभग ₹2,50,000 मूल्य की संपत्ति जब्त की।

कई थानों में दर्ज हैं अपराध

तीनों के विरुद्ध रायपुर, गरियाबंद और दुर्ग जिलों के विभिन्न थानों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब इनके अन्य आपराधिक नेटवर्क और संभावित वारदातों की भी जांच कर रही है।

You may also like