दुर्ग। जिले में सूखा नशे के अवैध कारोबार पर नकेल कसने के लिए पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। खुर्सीपार थाना पुलिस ने नशीले सिरप और कैप्सूल की अवैध बिक्री करते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने पिता की कार का इस्तेमाल कर शहर में घूम-घूमकर नशीली दवाओं की बिक्री कर रहे थे। पुलिस ने मौके से कार सहित दोनों को पकड़ा और एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। (Two accused arrested for selling narcotic syrups and capsules while travelling in their father’s car)
मुखबिर की सूचना पर दबिश
एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि 14 फरवरी को खुर्सीपार पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमण और अपराध पतासाजी में लगी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पं. दीनदयाल मिनी स्टेडियम के शौचालय के पास दो व्यक्ति अवैध रूप से नशीले सिरप और कैप्सूल बेच रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को दबोच लिया।
पूछताछ में हुआ खुलासा
पूछताछ में आरोपियों की पहचान भिलाई-3 गांधी नगर निवासी इफ्तेखार खान (39 वर्ष) और सेक्टर-2 निवासी मोहम्मद अब्बास रजा (30 वर्ष) के रूप में हुई। दोनों ने स्वीकार किया कि वे एक युवक से नशीली दवाएं खरीदते थे और फिर अपने पिता की कार में रखकर शहर में घूम-घूमकर बिक्री करते थे।
जब्ती और कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 प्लास्टिक शीशी नशीले सिरप, 13 स्ट्रिप नशीले कैप्सूल, बिक्री से प्राप्त 9,500 रुपये नकद, चारपहिया वाहन (CG07 CH 9614) और दो मोबाइल फोन जब्त किए। आरोपियों के खिलाफ धारा 21(सी), 22 और 27(ए) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
एक साल में 93 हजार से अधिक नशीली गोलियां जब्त
डीआईजी विजय अग्रवाल के निर्देश पर दुर्ग पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। 1 जनवरी से दिसंबर 2025 के बीच जिले में 93,220 नग नशीली टैबलेट जब्त की जा चुकी हैं। इसके बावजूद सप्लायरों पर प्रभावी अंकुश लगाना बड़ी चुनौती बना हुआ है। वर्तमान मामले में भी आरोपियों को सप्लाई करने वाले व्यक्ति की तलाश पुलिस कर रही है।
