दुर्ग. जिले के भिलाई स्थित घासीदास नगर में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। कक्षा 10वीं की छात्रा नारायणी साहू (17) ने परीक्षा से पहले ही आत्महत्या कर ली। परिजन जब सुबह उठे तो छात्रा का शव घर के भीतर फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही जामुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
परिवार का बयान
परिजनों के अनुसार नारायणी हाउसिंग बोर्ड के आत्मानंद विद्यालय में पढ़ाई करती थी और अपने माता-पिता व चार बहनों के साथ रहती थी। बहनों ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब तीन बजे वह बोर्ड परीक्षा का एडमिट कार्ड लेकर घर लौटी थी। बड़ी बहन के मुताबिक नारायणी अपनी पढ़ाई को लेकर आश्वस्त थी और देर रात तक बहनों के साथ पढ़ाई भी की थी।
पुलिस कार्रवाई
मंगलवार सुबह मां की नजर पड़ते ही घटना का पता चला, जिसके बाद परिजनों ने आसपास के लोगों और पुलिस को सूचना दी। जामुल थाना पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल किसी तरह का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
परीक्षा के समय छात्रों पर मानसिक दबाव बढ़ जाता है। विशेषज्ञों का मानना है कि समय पर संवाद, परामर्श और सहयोग से ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता है।
