Thursday, February 19, 2026
Home » Blog » कार में 104 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

कार में 104 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

रामचंद्रपुर पुलिस की घेराबंदी में झारखंड के दो आरोपी पकड़े गए, लाखों की शराब और कार जब्त

by cgprimenews.com
0 comments
रामचंद्रपुर पुलिस द्वारा कार से जब्त की गई अंग्रेजी शराब और गिरफ्तार आरोपी।

रामचंद्रपुर | अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामचंद्रपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक कार से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 104 लीटर अंग्रेजी शराब और एक कार बरामद की गई है।

मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई

पुलिस के अनुसार 18 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि झारखंड के गढ़वा जिले के ग्राम डोल निवासी अभिमन्यु गुप्ता अपने साथी के साथ सफेद रंग की टाटा टैगोर कार (क्रमांक JH03 AB 3301) में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब लेकर खुरई मार्ग से रामचंद्रपुर की ओर बिक्री के लिए आ रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी

थाना प्रभारी ने पुलिस स्टाफ एवं गवाहों के साथ बताए गए मार्ग पर घेराबंदी की। कुछ समय बाद संदिग्ध कार आते दिखाई दी, जिसे रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर चालक और उसका साथी वाहन छोड़कर भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अभिमन्यु गुप्ता (30 वर्ष) और प्रभात कुमार गुप्ता (23 वर्ष), निवासी ग्राम डोल, थाना चिनिया, जिला गढ़वा (झारखंड) बताया।

कार से लाखों की शराब जब्त

गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर कार के अंदर 8 पेटी ब्लेंडर प्राइड एवं 4 पेटी रॉयल स्टेज ब्रांड की कुल लगभग 104 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत 1,46,820 रुपये तथा कार की अनुमानित कीमत 4 लाख रुपये बताई गई है।

आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज

मामले में थाना रामचंद्रपुर में अपराध क्रमांक 09/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

You may also like