CG Prime News@रायपुर. 10 people died in bus accidents in Balodabazar and Jashpur छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को दो भीषण सड़क हादसे में दस लोगों की मौत हो गई। बलौदाबाजार और जशपुर में हुए इन हादसों में 50 से ज्यादा लोग घायल हैं। बलौदबाजार जिले के सिमगा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर स्थित दरचुरा गांव के पास आरबीएस कंपनी की बस को ट्रक ने टक्कर मार दी। 6 मार्च की सुबह हुए हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। जबकि 29 यात्री घायल हो गए हैं। इनमें घायलों को रायपुर मेकाहारा रेफर किया गया। मृतकों में महिलाएं और बच्चे शामिल है।
होली मनाने आई बेटी भी नहीं बच पाई
मृतकों में 21 साल की चंचल साहू भी शामिल है। जो होली पर अपने घर आई हुई थी। वह बिलासपुर के जीजीयू में पढ़ती थी। त्योहार मनाने के बाद आज उसके पिता ने उसे बस स्टॉप पर छोड़ा, उसे हंसते हुए विदा किया था। कुछ घंटे के बाद पता चला कि स का एक्सीडेंट हो गया। जिसके बाद वे खुद को संभाल नहीं सके।

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार और जशपुर में बस हादसा, सवार 10 लोगों की मौत
जशपुर में बस पलटने से 5 की मौत
दूसरी घटना जशपुर जिले के तपकरा थाना क्षेत्र की है। जहां बस झारखंड के कुरडेग से छत्तीसगढ़ के कुनकुरी जा रही थी, जिसमें करीब 25 यात्री सवार थे। तभी गोडाअंबा गांव के पास तेज रफ्तार के कारण चालक का नियंत्रण हट गया और बस सड़क किनारे निर्माणाधीन मकान में जा घुसी और पलट गई।
हादसे में एक बच्चे सहित पांच लोगों की मौत
हादसे में कई यात्री बस में फंस गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और करीब 25 घायल लोगों को कुनकुरी अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने बताया कि हादसे में 5 लोगों की मौत हुई है, जिसमें एक बच्चा भी शामिल है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के दुलदुला विकासखंड अंतर्गत ग्राम गोडा अंबा के पास हुई बस दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने इस दुर्घटना में लोगों के असामयिक निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है कि यह समाचार अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। मुख्यमंत्री साय ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन घड़ी को सहन करने की शक्ति दें। उन्होंने दुर्घटना में घायल सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देशित किया है कि दुर्घटना में घायल सभी व्यक्तियों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रहने दी जाए तथा उन्हें हर संभव चिकित्सा सुविधा और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों की सतत निगरानी करते हुए प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
