भिलाई | पुरानी भिलाई थाना अंतर्गत एनएच-53 की सर्विस लेन पर मंगलवार रात करीब 9 बजे भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि स्कूटर सवार महिला को मामूली चोट आई। हादसा भिलाई-3 चरोदा क्षेत्र में डी-मार्ट के सामने हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। (Bike-scooter collides on NH-53 service lane, youth seriously injured)
यह भी पढ़ेः धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने वाला आरोपी गिरफ्तार
कैसे हुआ हादसा
भिलाई तीन थाना टीआई अंबर सिंह भरद्वाज ने बताया कि बाइक सवार मनोज विश्वकर्मा सर्विस लेन से रायपुर की ओर जा रहा था। उसकी बाइक की रफ्तार तेज बताई जा रही है। सामने से स्कूटी सवार महिला आ रही थी। जैसे ही दोनों डी-मार्ट के सामने पहुंचे, अचानक वाहन अनियंत्रित हो गए और आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े। देखते ही देखते लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
युवक को गंभीर चोट, महिला सुरक्षित
हादसे में मनोज विश्वकर्मा सड़क पर घसीटते हुए दूर तक चला गया, जिससे उसके सिर और कमर के नीचे गंभीर चोट आई। वह खून से लथपथ हो गया। वहीं स्कूटर सवार महिला को हल्की चोट आई और प्राथमिक उपचार के बाद वह अपनी स्कूटी लेकर चली गई। टीआई ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए जा रहे हैं और दोनों वाहनों की स्थिति का परीक्षण किया जाएगा।
