Saturday, April 4, 2026
Home » Blog » अवैध गांजा बिक्री करते युवक गिरफ्तार, 4.4 किलो गांजा जप्त

अवैध गांजा बिक्री करते युवक गिरफ्तार, 4.4 किलो गांजा जप्त

तेलीबांधा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी पर पहले से दर्ज हैं आपराधिक प्रकरण

by cgprimenews.com
0 comments
तेलीबांधा पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी और जप्त किया गया गांजा

मुखबिर की सूचना पर अवंति विहार में दबिश

रायपुर | तेलीबांधा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा बिक्री हेतु ग्राहक तलाश रहे एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 4.437 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा जप्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस को देख भागने का प्रयास, घेराबंदी कर पकड़ा गया

पुलिस को दिनांक 27 जनवरी 2026 की मध्य रात्रि मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि अवंति विहार शीतला तालाब के पास एक संदिग्ध युवक गांजा बिक्री के लिए ग्राहक तलाश कर रहा है। सूचना के आधार पर थाना तेलीबांधा की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

प्लास्टिक थैले से मिला गांजा

पकड़े गए युवक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम विशाल उर्फ गंगा यादव पिता देवेन्द्र यादव, उम्र 26 वर्ष, निवासी सुभाष नगर वृद्धा आश्रम के पास, थाना तेलीबांधा, रायपुर (छत्तीसगढ़) बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद एक सफेद प्लास्टिक थैले की जांच करने पर उसमें 4.437 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसे गवाहों की उपस्थिति में जप्त किया गया।

पूर्व में भी दर्ज हैं आपराधिक मामले

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी विशाल उर्फ गंगा यादव के विरुद्ध पूर्व में मारपीट एवं अवैध शराब बिक्री से संबंधित प्रकरण भी थाना स्तर पर दर्ज हैं। लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने के चलते आरोपी पर पुलिस की विशेष नजर बनी हुई थी।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, न्यायिक रिमांड

आरोपी के विरुद्ध थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 27/26 धारा 20 (B) NDPS एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। विधिवत कार्रवाई के उपरांत आरोपी को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

You may also like