बिलासपुर. सरकण्डा थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी स्टेडियम के पास धारदार चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहा था। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक धारदार लोहे का चाकू बरामद किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पेट्रोलिंग के दौरान मिली सूचना
थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी कर रही है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि स्टेडियम के पास एक युवक हाथ में चाकू लेकर लोगों को डरा रहा है और इलाके में भय का माहौल बना रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक की तलाश शुरू की।
घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और सीएसपी निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान सुधीर बेलदार (21 वर्ष) निवासी भूकम्प अटल आवास बहतराई, थाना सरकण्डा जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से धारदार चाकू बरामद किया गया।
आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
