Monday, April 13, 2026
Home » Blog » मयाली में महिला सुरक्षा अभियान का समापन

मयाली में महिला सुरक्षा अभियान का समापन

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने महिला-बालिकाओं को अपराधों से बचाव, साइबर सुरक्षा व कानूनी अधिकारों की दी जानकारी

by cgprimenews.com
0 comments
जशपुर पुलिस के महिला सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान का मयाली में समापन कार्यक्रम

11 दिवसीय अभियान का भव्य समापन

जशपुर। जशपुर पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा पर रजत जयंती वर्ष 2025-26 के अंतर्गत संचालित 11 दिवसीय महिला सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान का समापन 11 जनवरी 2026 को कुनकुरी क्षेत्र के ग्राम मयाली में किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, यूनीसेफ स्वयंसेवकों, जय हो टीम, स्व-सहायता समूहों सहित लगभग 500 से अधिक महिलाओं व नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही।

महिला सशक्तिकरण पर जनप्रतिनिधियों के विचार

समापन कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष सुशीला साय ने महिलाओं की सामाजिक भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण का आधार आत्मनिर्भरता और स्वयं की पहचान है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए महिलाओं को नेतृत्वकारी भूमिका निभाने के लिए आगे आने का आह्वान किया।
जिला पंचायत सदस्य अनिता सिंह ने महिला व बालिका कल्याण योजनाओं की जानकारी देते हुए शिक्षा को सामाजिक विकास की कुंजी बताया। वहीं, जोकारी ग्राम की सरपंच मंजू भगत ने महिलाओं और बालिकाओं को आत्मविश्वास के साथ अपने अधिकारों के लिए खड़े होने का संदेश दिया।

अपराध, साइबर सुरक्षा और कानूनों पर जागरूकता

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने महिलाओं व बालिकाओं को उनसे जुड़े अपराधों से बचाव के उपाय बताए। साइबर यूनिट द्वारा साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी गई। इस दौरान नोनी रक्षा दल के माध्यम से की जाने वाली कार्यवाही व 24 घंटे सक्रिय हेल्पलाइन नंबर 9479128400 की जानकारी भी साझा की गई।
कार्यक्रम में बाल विवाह के दुष्परिणाम, घरेलू हिंसा, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, टोनही प्रताड़ना अधिनियम, नशे के दुष्प्रभाव, पॉक्सो एक्ट और मानव तस्करी जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलेभर में चला जागरूकता अभियान

जशपुर पुलिस द्वारा 1 से 11 जनवरी 2026 तक जिले के शहरी, ग्रामीण, दूरस्थ व संवेदनशील क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से यह अभियान चलाया गया। स्कूल-कॉलेजों, हाट-बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर जनसंवाद के माध्यम से महिलाओं को आत्मरक्षा और कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई।

You may also like