Home » Blog » अंतागढ़ में महिला सुरक्षा व साइबर जागरूकता कार्यशाला आयोजित

अंतागढ़ में महिला सुरक्षा व साइबर जागरूकता कार्यशाला आयोजित

कांकेर पुलिस का जागरूकता अभियान जारी, महाविद्यालय में SHe BOX स्थापित कर छात्राओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई

by cgprimenews.com
0 comments
अंतागढ़ महाविद्यालय में कांकेर पुलिस द्वारा आयोजित महिला सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता कार्यशाला

कांकेर | महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को सुदृढ़ करने तथा साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अनुविभाग अंतागढ़ में विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कांकेर पुलिस द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं को सुरक्षा, कानून एवं डिजिटल सतर्कता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष बंछोर के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक (IUCAW) सुश्री प्रतिभा लहरे एवं एसडीओपी अंतागढ़ शुभम तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी रमेश जायसवाल के नेतृत्व में महिला रक्षा टीम कांकेर द्वारा आयोजित किया गया।

महाविद्यालय और महिला ITI में हुआ आयोजन

जागरूकता कार्यक्रम अंतागढ़ महाविद्यालय एवं महिला आईटीआई अंतागढ़ परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को सुरक्षा संबंधी व्यावहारिक जानकारी देने के साथ उन्हें पुलिस सहायता तंत्र से जोड़ने का प्रयास किया गया।

SHe BOX स्थापित, शिकायत दर्ज करने की सुविधा

कार्यशाला के दौरान महाविद्यालय परिसर में शिकायत पेटी (SHe BOX) स्थापित की गई, जिससे छात्राएं अपनी समस्याएं, शिकायतें या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी गोपनीय रूप से पुलिस तक पहुंचा सकें। साथ ही “अभिव्यक्ति एप” के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया भी विस्तार से समझाई गई।

साइबर सुरक्षा और कानूनों की दी गई जानकारी

कार्यक्रम में गुड टच–बैड टच, बाल विवाह, साइबर अपराध, पॉक्सो एक्ट एवं मानव तस्करी जैसे गंभीर विषयों पर जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव तथा डिजिटल सुरक्षा के उपाय भी बताए।

आत्मरक्षा प्रशिक्षण का लाइव डेमो

महिला रक्षा टीम द्वारा छात्राओं को आत्मरक्षा (Self Defense) तकनीकों का प्रदर्शन कर कठिन परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के उपाय सिखाए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर

  • 112 – आपातकालीन सेवा

  • 1930 – साइबर अपराध हेल्पलाइन

  • महिला रक्षा टीम: 9479155925

जिलेभर में जारी रहेगा अभियान

कांकेर पुलिस द्वारा मुख्यालय सहित जिले के विभिन्न हॉस्टल, कॉलेज, बाजार क्षेत्रों एवं महिला समूहों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा के प्रति विश्वास और जागरूकता लगातार बढ़ रही है।

You may also like