जशपुर. जिले के सन्ना थाना क्षेत्र के ग्राम गट्टी महुआ में 48 वर्षीय महिला की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पति सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान गोईदी बाई (48 वर्ष) निवासी गट्टी महुआ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पूछताछ के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
जादू-टोना के शक में की गई हत्या
मामले की सूचना मृतका के भाई सहलू राम ने 6 मार्च 2026 को थाना सन्ना में दी थी कि उसकी बहन घर में मृत अवस्था में पड़ी है। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल निरीक्षण के दौरान मृतका के शरीर और आसपास खून के निशान पाए गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने बताया कि कठोर और भोंथरी वस्तु से गंभीर चोट पहुंचने के कारण मौत हुई है, जिससे हत्या की पुष्टि हुई।
पूछताछ में सामने आई पूरी साजिश
जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के पति ठूपन राम, सौतन फुला बाई, सुनील राम और सुरन्ती बाई से पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों को मृतका पर जादू-टोना करने का शक था। घटना के दिन चारों आरोपी खेत के पास झोपड़ी में बैठे थे। वहीं मृतका को बहाने से बुलाया गया और हड़िया पीने के दौरान विवाद हो गया। इसी दौरान आरोपियों ने मिलकर महिला पर हमला कर दिया और लकड़ी के डंडे से गंभीर चोट पहुंचाई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद शव घर में छिपाया
घटना के बाद आरोपियों ने शव को घर लाकर बिस्तर पर रख दिया और ऊपर से कंबल डाल दिया, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया है।
चारों आरोपी भेजे गए जेल
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की जांच और गिरफ्तारी में थाना सन्ना पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
