Home » Blog » राजनांदगांव में नवीन साइबर थाना का वर्चुअल उद्घाटन

राजनांदगांव में नवीन साइबर थाना का वर्चुअल उद्घाटन

छत्तीसगढ़ के आठ जिलों में एक साथ साइबर पुलिस थानों का शुभारंभ

by cgprimenews.com
0 comments
राजनांदगांव में नवीन साइबर थाना का वर्चुअल उद्घाटन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा

राजनांदगांव। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए माननीय मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ विष्णुदेव साय द्वारा जिला राजनांदगांव सहित राज्य के आठ जिलों में नवीन साइबर पुलिस थानों का वर्चुअल उद्घाटन किया गया। यह आठ जिले हैं – राजनांदगांव, जशपुर, रायगढ़, कोरबा, जांजगीर-चांपा, बलौदा बाजार, धमतरी और महासमुंद।

साइबर अपराध पर कड़ा नियंत्रण

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि साइबर अपराध केवल तकनीकी चुनौती नहीं, बल्कि यह कानून-व्यवस्था, आर्थिक सुरक्षा और आम जनता के विश्वास से जुड़ा गंभीर विषय बन चुका है। ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, डिजिटल ठगी, निवेश के नाम पर ठगी, साइबर ब्लैकमेलिंग और ऑनलाइन सट्टा जैसी घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है।

राज्य सरकार ने साइबर अपराधों की शिकायतों पर शीघ्र कार्यवाही करने के लिए आधुनिक संसाधन और प्रशिक्षित पुलिस कर्मचारियों के माध्यम से जांच में तेजी लाने का लक्ष्य रखा है। भविष्य में डिजिटल साक्ष्य संकलन, मोबाइल फॉरेंसिक, डेटा विश्लेषण और अंतर-राज्यीय समन्वय के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।

पुलिसिंग में तकनीकी दक्षता और प्रशिक्षण

छत्तीसगढ़ पुलिस लगातार साइबर जागरूकता अभियान, प्रशिक्षण कार्यक्रम और तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर साइबर अपराध की रोकथाम में जुटी हुई है। गृह विभाग ने पुलिस बल को आवश्यक प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरण और कानूनी समर्थन उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई। अधिकारियों से अपेक्षा की गई कि ये साइबर थाने पीड़ित-केंद्रित और त्वरित कार्रवाई के मॉडल के रूप में कार्य करें, क्योंकि साइबर अपराध में समय पर कार्रवाई अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।

उद्घाटन कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित

साइबर थाना लोकार्पण कार्यक्रम में पुलिस मुख्यालय रायपुर से माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री/गृह मंत्री विजय शर्मा, पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ अरुण देव गौतम, गणमान्य जनप्रतिनिधि और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। आठों जिलों में संबंधित पुलिस अधीक्षक, राजपत्रित अधिकारी और साइबर थाना कर्मचारी वर्चुअल माध्यम से जुड़कर समारोह में शामिल हुए।

जिला राजनांदगांव में पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, पुष्पेन्द्र नायक, नगर पुलिस अधीक्षक/पर्यवेक्षण अधिकारी अलेक्जेंडर कीरो, प्रक्षिशु आईपीएस आदित्य कुमार, उप पुलिस अधीक्षक  सुमन जायसवाल, रक्षित निरीक्षक लोकेश कसेर और नवीन साइबर थाना प्रभारी विनय कुमार पम्मार सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए।

नई साइबर थानों के उद्घाटन से छत्तीसगढ़ को साइबर सुरक्षित राज्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की उम्मीद है।

You may also like