CG Prime News@भिलाई. BSP टाउनशिप में स्थित सेक्टर-1 मुर्गा चौक पर शनिवार को रिटेंशन धारकों एवं अधिकारियों द्वारा जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान BSP प्रबंधन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई गई और कई गंभीर आरोप लगाए गए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बीएसपी प्रबंधन की नीतियां भेदभावपूर्ण हैं और रिटेंशन धारकों के साथ अन्याय किया जा रहा है।
असमानता को लेकर प्रदर्शन
धरने में शामिल लोगों का कहना था कि जहां एक ओर थर्ड पार्टी को मात्र 8 रूपये में क्वार्टर आवंटित किए जा रहे हैं, वहीं रिटेंशन अधिकारियों से 24 रुपए तक वसूले जा रहे हैं। इस असमानता को लेकर प्रदर्शनकारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि टाउनशिप की स्थिति दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है। सफाई व्यवस्था चरमरा गई है और मकानों का मेंटेनेंस पूरी तरह ठप पड़ा है। कई क्षेत्रों में तो नगर निगम द्वारा सफाई कराई जा रही है, जो बीएसपी प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
पार्षदों ने किया अवैध कब्जा
प्रदर्शन के दौरान कुछ वक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि बीएसपी अधिकारी स्थानीय पार्षदों के प्रति विशेष नरमी बरतते हैं। उनका कहना था कि कई पार्षद क्वार्टरों पर अवैध कब्जा कर उन्हें किराए पर चला रहे हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।
नाराजगी जाहिर की
वहीं, इस पूरे घटनाक्रम पर बीएसपी अधिकारियों ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। उनका आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ रिटेंशन धारकों द्वारा अधिकारियों के खिलाफ असंसदीय और आपराधिक भाषा का प्रयोग किया गया। अधिकारियों के अनुसार, “चमकी देने” और “पूजा करने” जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर जान से मारने तक की धमकियां दी गईं, जो न केवल नैतिक रूप से आपत्तिजनक हैं बल्कि कानून का भी उल्लंघन हैं।
बीएसपी प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार के आचरण को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और मामले की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है।
