Friday, October 23, 2026
Home » Blog » 15 मवेशियों से भरा वाहन पकड़ा, दो आरोपी गिरफ्तार

15 मवेशियों से भरा वाहन पकड़ा, दो आरोपी गिरफ्तार

नंदिनी क्षेत्र से सागर ले जाए जा रहे थे पड़वा और भैंस, धमधा पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन रोका

by cgprimenews.com
0 comments
धमधा पुलिस द्वारा आइसर वाहन से बरामद 15 मवेशी और गिरफ्तार किए गए आरोपी

दुर्ग। Vehicle loaded with 15 cattle intercepted; two accused arrested. नंदिनी क्षेत्र से मध्यप्रदेश के सागर स्थित कथित कत्लखाने की ओर ले जाए जा रहे 15 मवेशियों को धमधा पुलिस ने बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक मवेशियों को एक आइसर वाहन में क्षमता से अधिक संख्या में ठूंसकर ले जाया जा रहा था। वाहन में पशुओं के लिए पर्याप्त चारा और पानी की व्यवस्था भी नहीं थी। मामले में पुलिस ने उत्तरप्रदेश के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

यह भी पढ़ेः नेहरू नगर ओपन जिम के सामने भीषण सड़क हादसा, दो दोस्तों की मौत

सूचना मिलते ही पुलिस ने की नाकाबंदी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 5 सितंबर को मुखबिर और गौसेवक के माध्यम से मवेशियों के अवैध परिवहन की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर धमधा पुलिस टीम ने बस स्टैंड के पास साहू होटल के सामने निगरानी और घेराबंदी शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध आइसर वाहन क्रमांक UP 83 ET 3857 वहां पहुंचा। पुलिस का कहना है कि टीम को देखकर वाहन चालक ने आगे निकलने की कोशिश की, लेकिन पहले से की गई घेराबंदी के कारण वाहन को रोक लिया गया। इसके बाद पुलिस ने वाहन की जांच की।


तिरपाल हटाया तो अंदर मिले 15 पशु

जांच के दौरान वाहन के डाले को हरे रंग की तिरपाल से ढका हुआ पाया गया। तिरपाल हटाकर तलाशी लेने पर अंदर 3 पड़वा और 12 काले रंग की भैंस, यानी कुल 15 मवेशी मिले। पुलिस के अनुसार पशुओं को पर्याप्त चारा-पानी के बिना कम जगह में अधिक संख्या में रखा गया था। पूछताछ में वाहन चालक शिवशंकर (35) और उसके साथी परविंद कुमार (42) ने पुलिस को बताया कि मवेशियों को नंदिनी क्षेत्र से मध्यप्रदेश के सागर ले जाया जा रहा था। दोनों आरोपी ग्राम खेरिया सिकमी गोहाना, थाना फरिहा, जिला फिरोजाबाद, उत्तरप्रदेश के निवासी बताए गए हैं।

21.90 लाख का वाहन जब्त

धमधा पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ आइसर वाहन को भी जब्त कर लिया। जब्त वाहन की अनुमानित कीमत 21.90 लाख रुपये बताई गई है। बरामद मवेशियों का पशु चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इसके बाद उन्हें सुरक्षित देखभाल के लिए पशु चिकित्सालय धमधा भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि पशुओं के परिवहन में और कौन-कौन लोग शामिल थे।

पुलिस टीम की कार्रवाई

इस कार्रवाई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक सत्यवान राठौर, आरक्षक अरुण चौहान और चालक आरक्षक यशवंत साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि पशुओं के अवैध या क्रूरतापूर्वक परिवहन की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें और स्वयं कानून हाथ में न लें।

You may also like