नावाडीह कला मार्ग पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
चांदो थाना पुलिस ने मवेशी तस्करी एवं पशु क्रूरता के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति ग्राम नावाडीह कला पियारटोली मार्ग से तीन बैलों को मारते-पीटते हुए झारखंड बॉर्डर की ओर पैदल ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और निर्देश प्राप्त होते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई।
घेराबंदी कर आरोपियों को हिरासत में लिया
पुलिस टीम जब बताए गए स्थान पर पहुंची तो मेन रोड पर दो व्यक्ति बैलों को क्रूरता पूर्वक हांकते हुए ले जाते पाए गए। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सुरेंद्र काशी निवासी धनजी तथा कपिल देव निवासी ग्राम करचा, थाना चांदो बताया।
पशु क्रूरता एवं मवेशी तस्करी का मामला दर्ज
जांच के दौरान आरोपियों द्वारा मवेशियों को अवैध रूप से ले जाना एवं उनके साथ क्रूर व्यवहार करना पाया गया। इस पर थाना चांदो में अपराध क्रमांक 05/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
मवेशियों को सुरक्षित कराया गया
पुलिस द्वारा तीनों बैलों को आरोपियों के कब्जे से मुक्त कर सुरक्षित संरक्षण में लिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में मवेशी तस्करी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
