Monday, February 23, 2026
Home » Blog » ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते दो आरोपी गिरफ्तार

ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते दो आरोपी गिरफ्तार

भारत-साउथ अफ्रीका मैच पर लग रहा था लाखों का दांव, पुलिस ने 2.70 लाख की सामग्री जब्त

by cgprimenews.com
0 comments
दुर्ग में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा मामले में पुलिस द्वारा जब्त सामग्री

दुर्ग. पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा भारत बनाम साउथ अफ्रीका क्रिकेट मैच के दौरान हार-जीत पर रुपये का दांव लगाकर अवैध रूप से सट्टा खिलाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण सहित लगभग 2,70,500 रुपये की सामग्री जब्त की है।

मुखबिर सूचना पर पुलिस की कार्रवाई

पुलिस को 22 फरवरी 2026 को सूचना मिली कि असरफ नगर, तकियापारा दुर्ग स्थित एक मकान में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद थाना सिटी कोतवाली और एसीसीयू टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मौके पर घेराबंदी की।

मकान के अंदर एलईडी टीवी पर लाइव मैच चल रहा था और मोबाइल फोन के माध्यम से सट्टा लगाया जा रहा था। पुलिस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी मौके से फरार हो गया।

दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

पुलिस ने मौके से

  • सोहेल अहमद खान उर्फ मामू (35 वर्ष), निवासी असरफ नगर तकियापारा दुर्ग

  • संतोष कुमार गोंड़ (38 वर्ष), निवासी रूआबांधा कुदरापारा भिलाई

को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने संगठित रूप से ऑनलाइन सट्टा संचालन करना स्वीकार किया। फरार आरोपी की पहचान शाहिल उर्फ सोनू (31 वर्ष) के रूप में हुई है, जिसकी तलाश जारी है।

लैपटॉप, मोबाइल और रजिस्टर जब्त

पुलिस ने मौके से एक लैपटॉप, एलईडी टीवी, चार मोबाइल फोन, डीवीआर, वाई-फाई राउटर, जियो सेटअप बॉक्स, मोबाइल चार्जर, नगदी रकम और सट्टे का हिसाब-किताब दर्ज रजिस्टर जब्त किया है।

आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 तथा धारा 112(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध जुआ एवं सट्टा गतिविधियों से दूर रहें और ऐसी किसी भी जानकारी की तुरंत पुलिस को सूचना दें। कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

You may also like