राजनंदगांव. थाना बसंतपुर क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और फायरिंग के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों ने आखिरकार न्यायालय में सरेंडर कर दिया। पुलिस की लगातार कार्रवाई, स्थायी गिरफ्तारी वारंट और उद्घोषणा प्रक्रिया के बाद संपत्ति कुर्की के डर से दोनों आरोपियों ने अदालत में पेश होकर आत्मसमर्पण किया।
ग्रामीणों को रोकने पर हुई थी फायरिंग
पुलिस के अनुसार 11 जून 2025 की रात ग्राम मोहड़ नदी में अवैध रूप से रेत निकालने के लिए रैंप निर्माण हेतु जेसीबी मशीन पहुंची थी। इस दौरान जब कुछ ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तो एक कार में सवार 7-8 लोग वहां पहुंचे और ग्रामीणों के साथ मारपीट करते हुए फायरिंग कर दी।घटना की रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर में बीएनएस की विभिन्न धाराओं, आर्म्स एक्ट और खनिज अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पहले 9 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस पहले ही 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिन्हें न्यायिक रिमांड पर जिला जेल भेजा गया था। जांच पूरी होने के बाद पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में चालान भी प्रस्तुत किया जा चुका है।
कुर्की की कार्रवाई के बाद किया आत्मसमर्पण
मामले में फरार आरोपी संजय सिंह और अमन बैसन्दर के खिलाफ न्यायालय द्वारा स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश के साथ उनके निवास स्थानों पर उद्घोषणा चस्पा कराई गई और मध्यप्रदेश के भिंड, मुरैना और ग्वालियर के समाचार पत्रों में भी नोटिस प्रकाशित कराया गया। Ankita Sharma के निर्देशन में लगातार दबाव बनाए जाने के बाद दोनों आरोपी 10 मार्च 2026 को न्यायालय में पेश हुए।
जिला जेल भेजे गए आरोपी
न्यायालय में पेशी के बाद आरोपियों को थाना बसंतपुर पुलिस के सुपुर्द किया गया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय से जेल वारंट प्राप्त होने पर दोनों आरोपियों को जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया।
