अंबिकापुर। गांधीनगर थाना क्षेत्र में सुने मकान में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए खरीददार सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 1 लाख 30 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। कार्रवाई सरगुजा पुलिस द्वारा डीआईजी एवं एसएसपी के निर्देशन में की गई।
दर्शन पर गया था परिवार, पीछे टूटा मिला ताला
प्रार्थी अनिल कुमार दास, निवासी बिशुनपुर खुर्द गोरसीडबरा, परिवार सहित जगन्नाथपुरी दर्शन के लिए घर बंद कर गए थे। 5 फरवरी को उनके बड़े भाई ने फोन पर घर का ताला टूटा होने की सूचना दी। वापस लौटने पर घर के मुख्य दरवाजे और अलमारी का ताला टूटा मिला तथा सामान बिखरा हुआ था।
अलमारी से सोने की चैन, लॉकेट, नथ, अंगूठियां, चांदी की पायल और कड़ा सहित कुल लगभग ₹1.30 लाख के जेवर गायब थे। मामले में थाना गांधीनगर में बीएनएस की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मुखबिर सूचना से मिली सफलता
जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर तीन युवकों—अतुल तिग्गा उर्फ अक्की, सत्यादीप तिग्गा उर्फ टका और राजा लकड़ा—को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ में आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया गया।
आरोपियों ने बताया कि चोरी के जेवर स्थानीय सराफा कारोबारी कमल सोनी को बेचे गए थे। पुलिस ने खरीददार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी का मशरूका जब्त किया गया।
न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए आरोपी
चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
