राजनांदगांव. जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस चौकी सुरगी ने एक असामाजिक तत्व के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की है। आरोपी द्वारा लगातार नशे में परिवार के साथ मारपीट और विवाद करने की शिकायत पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।
क्या है मामला
ग्राम उसरीबोड़ से एक महिला ने पुलिस को सूचना दी कि उसका पति थान सिंह साहू रोजाना शराब के नशे में घर में विवाद करता है, मारपीट करता है और परिवार के सदस्यों को कमरे में बंद कर देता है। साथ ही घर के लॉकर में रखे जेवर और नगदी भी नहीं दे रहा था।
मौके पर पुलिस कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच की। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पेशे से शिक्षक है और नशे का आदी है। पुलिस के सामने भी आरोपी ने आक्रामक व्यवहार करते हुए विवाद किया, जिससे शांति भंग होने की स्थिति बन गई।
वैधानिक कार्यवाही
पुलिस ने आरोपी को धारा 170 BNSS के तहत गिरफ्तार कर धारा 126 एवं 135(3) BNSS के तहत कार्यवाही करते हुए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, राजनांदगांव के समक्ष पेश किया।
पुलिस की अपील
नागरिकों से पुलिस ने अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या अशांति की सूचना तुरंत दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
