Sunday, February 22, 2026
Home » Blog » होली से पहले पुरानी भिलाई नगर में सख्त पेट्रोलिंग, 4 पर कार्रवाई

होली से पहले पुरानी भिलाई नगर में सख्त पेट्रोलिंग, 4 पर कार्रवाई

हंगामा कर शांति भंग करने वालों पर पुलिस की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, रात्रि गश्त बढ़ाई गई

by cgprimenews.com
0 comments
पुरानी भिलाई नगर में रात्रि पेट्रोलिंग करती पुलिस टीम

भिलाई। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना पुरानी भिलाई नगर पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार रात्रि पेट्रोलिंग और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सार्वजनिक स्थानों पर हंगामा कर शांति भंग करने वाले चार व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

पुलिस द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त की जा रही है, ताकि त्योहार के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

सार्वजनिक स्थल पर हंगामा, पुलिस पहुंची मौके पर

दिनांक 21 फरवरी 2026 की रात्रि पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दादर भिलाई-3 एवं ग्राम अमेरी क्षेत्र में कुछ व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर हंगामा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और संबंधित व्यक्तियों को समझाइश दी गई।

हालांकि शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने चारों व्यक्तियों को अभिरक्षा में लिया और उनके विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 एवं 135 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

आरोपियों की पहचान

पुलिस द्वारा जिन व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई उनमें पुष्पेंद्र पटेल, पंकज पटेल, शुभम पटेल (निवासी दादर भिलाई-3) तथा देवेंद्र कुर्रे (निवासी ग्राम अमेरी) शामिल हैं।

कानून व्यवस्था बनाए रखने पर जोर

उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी पुरानी भिलाई नगर निरीक्षक अम्बर भारद्वाज एवं पेट्रोलिंग टीम के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि होली पर्व तक क्षेत्र में विशेष निगरानी और गश्त लगातार जारी रहेगी।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि होली का पर्व आपसी सौहार्द और शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की हुड़दंग या कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधियों से दूर रहें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

You may also like