Sunday, February 22, 2026
Home » Blog » राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 शांतिपूर्ण सम्पन्न

राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 शांतिपूर्ण सम्पन्न

दुर्ग-भिलाई के 25 केंद्रों में 10,307 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, आयोग निर्देशों के पालन पर विशेष जोर

by cgprimenews.com
0 comments
दुर्ग में राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करते कलेक्टर

दुर्ग। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 रविवार को दुर्ग एवं भिलाई नगर के 25 परीक्षा केंद्रों में शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। परीक्षा में कुल 10,307 परीक्षार्थियों के लिए व्यवस्था की गई थी। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई, जिसमें प्रथम पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपरान्ह 3 बजे से शाम 5 बजे तक संपन्न हुई।

कलेक्टर ने किया आकस्मिक निरीक्षण

परीक्षा की व्यवस्थाओं का जायजा लेने कलेक्टर अभिजीत सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने उदय प्रसाद उदय शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज दुर्ग, शासकीय डॉ. वामन वासुदेव पाटणकर कन्या पीजी कॉलेज दुर्ग, सेजेस जेआरडी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दुर्ग, आमदी नगर विद्या निकेतन हायर सेकेंडरी स्कूल हुडको भिलाई तथा भिलाई महिला महाविद्यालय सेक्टर-9 का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्राध्यक्षों को आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

व्यवस्थाओं की विस्तार से ली जानकारी

निरीक्षण के दौरान परीक्षा कक्षों की व्यवस्था, परीक्षार्थियों की संख्या, प्रकाश व्यवस्था, इमरजेंसी लाइट, पेयजल, वाशरूम, प्रवेश पूर्व जांच प्रक्रिया तथा परीक्षा कक्ष में प्रवेश पत्र सत्यापन एवं वीडियोग्राफी व्यवस्था की जानकारी ली गई।

इसके साथ ही प्रश्नपत्र एवं उत्तर पुस्तिकाओं की उपलब्धता तथा परीक्षा समाप्ति के बाद अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए।

अधिकारियों की रही सतर्क मौजूदगी

सभी परीक्षा केंद्रों में नियुक्त अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय से उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा परीक्षा को निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए थे।

You may also like