रायपुर। शहर में अपराधों की रोकथाम, अपराधियों पर नकेल कसने तथा सुरक्षा व शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से रायपुर नॉर्थ जोन पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत चाकूबाजों, गुंडा बदमाशों, निगरानी बदमाशों, असामाजिक तत्वों एवं संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चला अभियान
पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम तथा सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में यह विशेष अभियान संचालित किया गया। अभियान में नॉर्थ जोन के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं थानों का पुलिस बल शामिल रहा।
कई थाना क्षेत्रों में एकसाथ कार्रवाई
विशेष अभियान के दौरान थाना खमतराई, उरला, गुढ़ियारी, पंडरी एवं खम्हारडीह थाना क्षेत्रों में एक साथ सघन कार्रवाई की गई। इस दौरान अपराधों में संलिप्त चाकूबाजों, निगरानी बदमाशों, गुंडा तत्वों एवं संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
62 आरोपियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
अभियान के दौरान कुल 62 आरोपियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी
पुलिस द्वारा आपराधिक, शरारती एवं उपद्रवी तत्वों को थानों में तलब कर सख्त हिदायत दी गई कि वे किसी भी प्रकार की बदमाशी या अपराध में संलिप्त न हों। पुलिस ने चेताया कि भविष्य में अपराध में लिप्त पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के विशेष अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे।
