दुर्ग | सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के उद्देश्य से यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग-53 (दुर्ग–रायपुर मार्ग) पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान चिन्हित ग्रे एवं ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।
स्पीड गन से हुई निगरानी
विशेष अभियान के दौरान इंटरसेप्टर वाहन, स्पीड गन एवं आधुनिक कैमरा उपकरणों की सहायता से वाहनों की गति पर लगातार निगरानी रखी गई। निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 112/183(1A) के तहत कुल 52 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की गई।
ई-चालान के जरिए वैधानिक कार्रवाई
जो वाहन चालक जांच के दौरान मौके पर नहीं रुके, उनके वाहन नंबर के आधार पर ई-चालान जारी कर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी निगरानी के माध्यम से नियम उल्लंघन करने वालों की पहचान कर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर
यातायात प्रभारी के निर्देशन में इंटरसेप्टर टीम के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने अभियान के दौरान सतत निगरानी करते हुए प्रभावी प्रवर्तन कार्य किया। पुलिस का उद्देश्य दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें, रैश ड्राइविंग से बचें और यातायात नियमों का पालन करें। सड़क सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
