Home » Blog » ब्रेक की जगह दबा दिया एक्सिलेटर, तालाब में जा घुसी कार

ब्रेक की जगह दबा दिया एक्सिलेटर, तालाब में जा घुसी कार

कार चलाना सीखने के दौरान हुआ हादसा, पानी में जाने से पहले गेट खोलकर बाहर निकले सवार; बच्ची और बकरी भी बची

by cgprimenews.com
0 comments
भिलाई करहीडीह तालाब में डूबी कार, हादसे में तीन युवक बाल-बाल बचे

तीन युवक बाल-बाल बचे

भिलाई। Pressed accelerator instead of brake; car plunged into a pond. जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के इंदिरा नगर करहीडीह तालाब के पास रविवार सुबह एक कार अचानक अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी। बताया जा रहा है कि कार चलाने की कोशिश के दौरान चालक ने ब्रेक की जगह एक्सिलेटर दबा दिया। इससे कार तेजी से आगे बढ़ी और मिट्टी के किनारे से टकराने के बाद सीधे तालाब में जा समाई। हादसे के दौरान कार में सवार तीन लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, हालांकि कार पूरी तरह तालाब में डूब गई।

यह भी पढ़ेः स्टिल्ट + 4 नीति पर PIL से बढ़ी बहस, शहर की क्षमता पर उठे बड़े सवाल

अचानक बढ़ी कार की रफ्तार

जेवरा सिरसा चौकी प्रभारी समीत मिश्रा के अनुसार घटना रविवार सुबह करीब 9 बजे की है। मुकेश वर्मा, आशीष वर्मा और एक बालक तालाब के पास कार में मौजूद थे। इसी दौरान कार चलाने का प्रयास किया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक चालक ने गलती से ब्रेक के बजाय एक्सिलेटर दबा दिया। कार की रफ्तार अचानक बढ़ गई और चालक उसे नियंत्रित नहीं कर सका। कार तालाब के किनारे बने मिट्टी के हिस्से से टकराई और आगे बढ़ते हुए पानी में जा गिरी। कार के तालाब में उतरते ही अंदर मौजूद तीनों सवारों ने तुरंत गेट खोला और बाहर निकल आए। कुछ ही देर में कार पानी में पूरी तरह डूब गई।


पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की जांच

हादसे की सूचना मिलने के बाद जेवरा सिरसा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जांच में कार चलाने के दौरान नियंत्रण खोने की बात सामने आई है। पुलिस घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

सेकंड हैंड खरीदी थी कार

पुलिस के अनुसार कार सवार युवक काम करते हैं। इनमें से एक युवक ने हाल ही में 25 हजार रुपए देकर सेकंड हैंड कार खरीदी थी। बताया गया है कि युवक कार चलाते थे, लेकिन उन्हें ड्राइविंग का पर्याप्त अनुभव नहीं था। इसी दौरान कार चलाने की कोशिश के बीच यह हादसा हो गया।

बच्ची और बकरी भी आई चपेट में आने से बची

हादसे के वक्त तालाब के आसपास एक बच्ची और बकरी भी मौजूद थी। कार जिस तेजी से तालाब की ओर गई, उससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि बच्ची और बकरी भी सुरक्षित बच गईं। पुलिस के अनुसार कार सवार युवकों के नशे में होने की बात भी सामने आई है। इस पहलू की भी जांच की जा रही है। फिलहाल हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना एक बार फिर बताती है कि वाहन चलाने का पर्याप्त अनुभव न होने पर सार्वजनिक स्थानों या भीड़भाड़ वाले इलाके में ड्राइविंग का प्रयास कितना जोखिम भरा हो सकता है।

You may also like