Home » Blog » भिलाई तीन के ड्रीम सिटी में पुलिस का छापा, घर से 9 किलो गांजा, 1050 नशीली कैप्सूल जब्त

भिलाई तीन के ड्रीम सिटी में पुलिस का छापा, घर से 9 किलो गांजा, 1050 नशीली कैप्सूल जब्त

आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक एक्ट के तहत कार्रवाई

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
cg prime news

CG Prime News@दुर्ग. दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने छापेमार कार्रवाई करते हुए एक मकान से 9.292 किलो गांजा और 1050 नशीली कैप्सूल जब्त किया है। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ संग्रह कर विक्रय करने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो आरोपी ओडि़शा और तीन आरोपी खुर्सीपार के रहने वाले हैं। भिलाई तीन थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों से कुल 12 लाख 43 हजार का सामान जब्त किया गया है।

मकान को घेरकर पुलिस ने मारा छापा

पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने बताया कि गुरुवार को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ड्रीम सिटी, पुरानी भिलाई स्थित एक मकान में 5 व्यक्ति अवैध रूप से मादक पदार्थ गांजा और प्रतिबंधित नशीली दवाइयों का संग्रहण और विक्रय कर रहे हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर छापेमार कार्रवाई की गई। मकान से 1 लाख 20 हजार रुपए कीमती 9.292 किलोग्राम गांजा, 4 लाख 20 हजार रुपए का 1050 प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल, 6 मोबाइल फोन, 2,44,000 रुपए कैश, 1 हुंडई कार और एक बाईक मिला। जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।

आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक एक्ट के तहत कार्रवाई

प्रकरण में थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 102/2026 धारा 20(ख), 22(सी), 27(क), 8 नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।

इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार

1. अब्दुल लतीफ, उम्र 57 वर्ष, निवासी सरगीगुड़ा, थाना टिटलागढ़, जिला बलांगीर (ओडि़शा)
2. अब्दुल आकीफ, उम्र 21 वर्ष, निवासी सरगीगुड़ा, थाना टिटलागढ़, जिला बलांगीर (ओडि़शा)
3. प्रिंस कुमार, उम्र 37 वर्ष, निवासी जोन-02, खुर्सीपार, भिलाई
4. जितेन्द्र सिंह, उम्र 38 वर्ष, निवासी जोन-02, खुर्सीपार, भिलाई
5. बाबू अली, उम्र 38 वर्ष, निवासी एकता नगर, खुर्सीपार, भिलाई

You may also like