रायपुर। कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद रायपुर शहर में पुलिसिंग का स्वरूप और अधिक प्रभावी, सक्रिय और परिणामोन्मुखी होता दिखाई दे रहा है। इसी क्रम में आम नागरिकों की सुरक्षा, शांति व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक स्थलों को असामाजिक गतिविधियों से मुक्त रखने के उद्देश्य से डीसीपी सेंट्रल जोन क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त की निगरानी में एसीपी कोतवाली डिवीजन के तहत थाना कोतवाली और गंज क्षेत्र में विशेष अभियान संचालित किया गया।
खेल मैदान और सुनसान क्षेत्रों में सख्त कार्रवाई
अभियान के दौरान पुलिस ने खेल के मैदानों को नशा सेवन का अड्डा बनाने वाले और अंधेरे व सुनसान क्षेत्रों में झगड़ा-फसाद करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध तुरंत कार्रवाई की। थाना कोतवाली और गंज क्षेत्र के कुल सात व्यक्तियों को परिशांति भंग होने और अपराध करने की आशंका के आधार पर धारा 170 बीएनएसएस के अंतर्गत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय/मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
स्थाई वारंटियों पर निगरानी और गिरफ्तारी
विजिबल पुलिसिंग के तहत शराब भट्ठियों, बस्तियों और अन्य संवेदनशील स्थानों में निगरानी की गई। इस दौरान तीन स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें थाना कोतवाली से 01 और थाना गंज से 02 शामिल हैं।
निगरानीशुदा गुंडा बदमाशों की गतिविधियों पर सतत नजर
अभियान के तहत थाना कोतवाली, गंज, मौदहापारा और गोलबाजार क्षेत्रों में कुल 28 निगरानीशुदा और गुंडा बदमाशों को उनके निवास स्थान पर जाकर अथवा थाने में तलब कर उनकी वर्तमान गतिविधियों की गहन समीक्षा की गई। भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त न होने की सख्त चेतावनी दी गई।
अन्य कार्रवाई और सुरक्षा उपाय
अभियान के दौरान चौक-चौराहों, रिहायशी कालोनियों और छात्रावासों के पास पान ठेलों की जांच भी की गई। थाना गंज पुलिस ने प्रतिबंधित हुक्का सामग्री बरामद की और कार्रवाई जारी है।
रायपुर पुलिस ने कहा कि इस तरह के लक्षित और निरंतर अभियानों के माध्यम से शहर में कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है, ताकि आमजन सुरक्षित महसूस करें और सार्वजनिक स्थल—विशेषकर खेल के मैदान एवं सुनसान क्षेत्र—पूरी तरह सुरक्षित बने रहें।
