दुर्ग. जिले में अवैध कबाड़ कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिटी कोतवाली, मोहन नगर और अण्डा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 5 आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया और भारी मात्रा में कबाड़ सामग्री जब्त की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए बीएनएसएस की धारा 106 के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
तीन स्थानों पर पुलिस की दबिश
सिटी कोतवाली क्षेत्र में पुलिस को सूचना मिली थी कि तकियापारा, नयापारा रोड आरबीएस बस गैरेज के पास और मान होटल के सामने मोतीपारा लुचकी तालाब क्षेत्र में अवैध कबाड़ की खरीदी-बिक्री की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर तीन आरोपियों को पकड़कर पूछताछ की, जिन्होंने कबाड़ कारोबार करना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से कबाड़ सामग्री जब्त की गई।
मोहन नगर और अण्डा में भी कार्रवाई
Mohannagar थाना क्षेत्र के तितुरडीह स्थित एक कबाड़ी दुकान में दबिश देकर लगभग 500 किलोग्राम पुराने लोहे के कार पार्ट्स जब्त किए गए, जिनकी कीमत करीब 13,500 रुपये बताई गई है। वहीं Anda क्षेत्र के विनायकपुर रोड स्थित एक दुकान से करीब 1.50 क्विंटल पुराना वाहन स्क्रैप और लोहे का कबाड़ जब्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग 3,750 रुपये है।
ये आरोपी पुलिस की कार्रवाई में पकड़े गए
पुलिस ने इस मामले में निम्न आरोपियों को अभिरक्षा में लिया है:
-
मोहम्मद सलमान (26)
-
मोहम्मद शोएब आजमी (35)
-
मोहम्मद एजाज (52)
-
दिलबाग सिंह ढिल्लन उर्फ बागे
-
मोहम्मद जावेद (35)
कबाड़ सामग्री की गई जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लोहे की खिड़की, पुरानी साइकिल का फ्रेम, साइकिल रिंग, लूना और स्कूटर के टायर, लोहे के पाइप, सरिया रॉड, पुराने कार पार्ट्स और वाहन स्क्रैप सहित कई कबाड़ सामग्री जब्त की है।
पुलिस ने नागरिकों से की अपील
कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली के निरीक्षक नवीन कुमार राजपूत सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध कारोबार या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
