Home » Blog » दुर्ग में होली को लेकर शांति समिति की बैठक

दुर्ग में होली को लेकर शांति समिति की बैठक

कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशासन-पुलिस की संयुक्त बैठक, सुरक्षा, पेट्रोलिंग और सोशल मीडिया निगरानी के निर्देश

by cgprimenews.com
0 comments
दुर्ग कलेक्ट्रेट सभागार में होली पर्व को लेकर आयोजित जिला स्तरीय शांति समिति बैठक

दुर्ग। होली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं “सर्व धर्म समभाव” के संदेश के साथ मनाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी बीरेंद्र सिंह ने की। बैठक में प्रशासन, पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न समाजों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।

होली एवं होलिका दहन को लेकर दिशा-निर्देश

बैठक में बताया गया कि जिले के अधिकांश स्थानों पर 02 मार्च 2026 को सायं से रात्रि तक होलिका दहन कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस दौरान सुरक्षा, यातायात नियंत्रण एवं अग्नि सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बिना अनुमति जुलूस या कार्यक्रम आयोजित न करने तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप करने पर विशेष जोर दिया गया।

नशे और हुड़दंग पर सख्त कार्रवाई

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नशे की हालत में वाहन चलाने, सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव करने या जबरन रंग लगाने जैसी घटनाओं पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। शिकायत दर्ज कराने के लिए 112 एवं टोल फ्री नंबर 9479192099 जारी किए गए हैं। अवैध शराब बिक्री एवं सार्वजनिक स्थान पर मद्यपान करने वालों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी

बैठक में संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनाती, बाज पार्टी एवं बाइक पेट्रोलिंग के माध्यम से सतत गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर भ्रामक या सांप्रदायिक पोस्ट प्रसारित करने वालों पर भी पुलिस एवं साइबर सेल की निगरानी रहेगी।

जनप्रतिनिधि एवं समाज प्रतिनिधि रहे उपस्थित

बैठक में सीएसपी दुर्ग हर्षित मेहर, सीएसपी भिलाई सत्य प्रकाश तिवारी, एसडीएम दुर्ग उत्तम ध्रुव, एसडीएम भिलाई हितेश पिस्दा सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी, पार्षद, सरपंच, मस्जिद एवं दरगाह कमेटी के सदस्य तथा गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

सर्व धर्म समभाव का संदेश

बैठक में सभी धर्मों एवं समुदायों के लोगों से आपसी भाईचारे और सम्मान के साथ होली मनाने की अपील की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था भंग करने वाली किसी भी गतिविधि पर त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की जाएगी।

You may also like