दुर्ग। पुलिस कर्मचारियों के स्वास्थ्य संरक्षण एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रक्षित केन्द्र दुर्ग पुलिस लाइन में एक दिवसीय निःशुल्क दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। मैत्री दन्त चिकित्सालय एवं अनुसंधान केन्द्र, अंजोरा के सहयोग से आयोजित इस शिविर में 100 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने लाभ प्राप्त किया।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया परीक्षण
दिनांक 22 फरवरी 2026 को आयोजित शिविर में विशेषज्ञ दंत चिकित्सकों की टीम द्वारा पुलिस लाइन स्थित गार्डन परिसर में निःशुल्क दंत परीक्षण किया गया। इस दौरान दांतों की सुरक्षा, मुख स्वच्छता, मसूड़ों से संबंधित रोगों की रोकथाम तथा समय पर उपचार के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी गई।
चिकित्सकों ने बताया कि नियमित जांच और सही देखभाल से गंभीर दंत रोगों से बचाव संभव है। शिविर में उपस्थित सभी कर्मचारियों को व्यक्तिगत स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार आवश्यक उपचार संबंधी परामर्श भी दिया गया।
जागरूकता पर रहा विशेष फोकस
राष्ट्रीय पेरियोडोन्टिस्ट दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में दंत एवं मुख रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। विशेषज्ञों ने दैनिक ब्रशिंग, फ्लॉसिंग और नियमित जांच की आवश्यकता पर बल दिया।
चिकित्सकों एवं पुलिस अधिकारियों की रही सहभागिता
शिविर के सफल आयोजन में पुलिस अस्पताल दुर्ग एवं मैत्री डेंटल कॉलेज अंजोरा के कई विशेषज्ञ डॉक्टरों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के दौरान उप पुलिस अधीक्षक (लाइन) श्री चन्द्र प्रकाश तिवारी एवं रक्षित निरीक्षक श्री नीलकंठ वर्मा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों से नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा दंत एवं मुख स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की अपील की, ताकि गंभीर बीमारियों की समय रहते रोकथाम की जा सके।
