Home » Blog » फेंसिंग हटाने BSP को पत्र लिखेंगी महापौर

फेंसिंग हटाने BSP को पत्र लिखेंगी महापौर

सफाई में बाधा पर कार्रवाई, क्षेत्र में पुलिस गश्त की भी मांग

by cgprimenews.com
0 comments
रिसाली में महापौर शशि सिन्हा द्वारा शिवपारा क्षेत्र का निरीक्षण

रिसाली। नगर पालिक निगम रिसाली की महापौर शशि सिन्हा ने वार्ड क्रमांक 17 शिवपारा स्टेशन मरोदा क्षेत्र का निरीक्षण कर नागरिकों की समस्याएं सुनीं। भ्रमण के दौरान स्थानीय लोगों ने बताया कि सुलभ शौचालय नंदी चौक के सामने भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) द्वारा लगाए गए फेंसिंग तार के कारण सफाई कार्य बाधित हो रहा है। झाड़ियों और नालियों में जमा मलबे की सफाई नहीं हो पा रही, जिससे गंदे पानी की निकासी भी प्रभावित हो रही है।

बीएसपी प्रबंधन को लिखा जाएगा पत्र

नागरिकों की शिकायत पर महापौर ने आश्वासन दिया कि वे जल्द ही बीएसपी प्रबंधन को पत्र लिखकर फेंसिंग तार हटाने का आग्रह करेंगी, ताकि सफाई व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके। उन्होंने क्षेत्रीय पार्षद गजेन्द्री कोठारी को भी इस संबंध में अलग से पत्राचार करने के निर्देश दिए।

सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान महापौर ने वार्ड में चल रहे सफाई कार्यों की समीक्षा की और सफाई दरोगा से नियमित कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र में सफाई व्यवस्था हर हाल में बेहतर रखी जाए और जल निकासी की समस्या का शीघ्र समाधान किया जाए।

नागरिकों ने उठाई सुरक्षा की मांग

स्थानीय नागरिकों ने शीतला तालाब के पास शाम के समय असामाजिक तत्वों के जमावड़े की शिकायत करते हुए नियमित पुलिस गश्त की मांग की। इस पर महापौर ने संबंधित विभाग से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही नागरिकों ने शीतला सरोवर एवं सुलभ शौचालय परिसर में अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था की मांग भी रखी।

You may also like