CG Prime News@नोएडा.उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर-66 स्थित मामूरा इलाके में बुधवार सुबह एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच के अनुसार, बिल्डिंग के बेसमेंट में चार्जिंग पर लगी एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में स्पार्किंग और धमाके के बाद आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग और घना धुआं पूरी इमारत में फैल गया, जिससे दर्जनों परिवार फंस गए।
धुएं में दम घुटने से दो लोगों की मौत
हादसे में बिहार निवासी 22 वर्षीय स्नेहा श्रीवास्तव और एक अज्ञात युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस के अनुसार दोनों की मौत आग से झुलसने के बजाय धुएं के कारण दम घुटने से हुई। वहीं एक बच्चा और एक अन्य युवती गंभीर रूप से प्रभावित हुए, जिनका इलाज जारी है। मृत युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

नोएडा: 4 मंजिला बिल्डिंग में भीषण आग, 2 की मौत, स्कूटी चार्जिंग के दौरान धमाके से हादसा

50 परिवारों को सुरक्षित निकाला गया
आग लगने के समय बिल्डिंग में करीब 50 कमरे आबाद थे, जिनमें बड़ी संख्या में नौकरीपेशा लोग अपने परिवार के साथ रहते थे। निचली मंजिलों पर मौजूद लोग किसी तरह बाहर निकल आए, जबकि ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोग धुएं के कारण फंस गए। फायर ब्रिगेड की टीम ने सीढ़ियों की मदद से सामने की इमारत तक अस्थायी रास्ता बनाकर करीब 50 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला।
संकरी गलियों से राहत कार्य में आई मुश्किल
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की सात गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन भीड़भाड़ और संकरी गलियों के कारण वाहन इमारत तक नहीं पहुंच सके। दमकल कर्मियों ने सड़क से पाइप जोड़कर आग बुझाने का अभियान चलाया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। हादसे में बेसमेंट में खड़ी 30 से 40 दोपहिया वाहन भी जलकर राख हो गए।
बिल्डिंग संचालक गिरफ्तार, केस दर्ज
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में लापरवाही सामने आने के बाद संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। बिल्डिंग के लीज होल्डर और संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आग लगने के कारणों और सुरक्षा मानकों में हुई संभावित चूक की विस्तृत जांच कर रही है।
