Wednesday, February 25, 2026
Home » Blog » नौकरी दिलाने के नाम पर 11 लाख की ठगी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

नौकरी दिलाने के नाम पर 11 लाख की ठगी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

कलेक्टर ऑफिस में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी लगाने का झांसा देकर पांच लोगों से ठगी, 24 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी को दबोचा

by cgprimenews.com
0 comments
नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के आरोपी को गिरफ्तार करती राजनांदगांव पुलिस टीम

राजनांदगांव | कलेक्टर कार्यालय में नौकरी दिलाने का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को राजनांदगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने कंप्यूटर ऑपरेटर पद पर नियुक्ति कराने का झांसा देकर पांच लोगों से कुल 11 लाख रुपये ठग लिए थे। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर 24 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

नौकरी का झांसा देकर की गई ठगी

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी धीरज साहू निवासी राजनांदगांव ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि देवेन्द्र कुमार गोरले एवं उसके सहयोगी जय प्रकाश यादव द्वारा कलेक्टर ऑफिस खैरागढ़ में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी दिलाने के नाम पर अलग-अलग लोगों से रकम ली गई। आरोपियों ने सरकारी नौकरी का भरोसा दिलाकर कुल 11,00,000 रुपये प्राप्त किए, लेकिन नियुक्ति नहीं कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 97/2026 धारा 420 एवं 34 भादवि के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस टीम ने 24 घंटे में दबोचा आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर मुख्य आरोपी देवेन्द्र कुमार गोरले, निवासी गौतम नगर वार्ड नंबर 02, डोंगरगढ़ को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी की संलिप्तता प्रमाणित होने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अन्य आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस की अपील — नौकरी के नाम पर न दें पैसे

राजनांदगांव पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति द्वारा नौकरी दिलाने, परीक्षा में चयन कराने या सरकारी पद दिलाने के नाम पर पैसे की मांग किए जाने पर सतर्क रहें। ऐसे मामलों की तुरंत पुलिस को सूचना दें।

You may also like