भिलाई। Congress leader and Deputy Sarpanch Prakash Singh Kashyap stabbed to death in Durg; resisting a robbery led to his death. दुर्ग के जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र में सोमवार देर रात हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। ग्राम तुमाकला के उपसरपंच और कांग्रेस नेता प्रकाश सिंह कश्यप (47) की अज्ञात बदमाशों ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी।
प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार वारदात लूट का विरोध करने के दौरान हुई। घटना के बाद आरोपी उनका मोबाइल फोन और लगभग चार हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
यह भी पढ़ेः HYU के कुलसचिव गिरफ्तार, महिला कर्मचारी के वेतन से1.49 लाख गबन का आरोप

भिलाई से गांव लौटते समय हुआ हमला
पुलिस के अनुसार प्रकाश सिंह कश्यप अपने दो साथियों चुआराम और भूषण पटेल के साथ देर रात करीब 2 बजे मोटरसाइकिल से भिलाई से अपने गांव तुमाकला लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम करगीडीह और चिखली चौक के बीच एक बाइक पर सवार चार अज्ञात युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। बदमाशों ने पहले मोबाइल और नकदी छीनने का प्रयास किया।
विरोध करने पर चाकू से किया ताबड़तोड़ हमला
प्रतिरोध करने पर आरोपियों ने प्रकाश सिंह कश्यप पर धारदार हथियार से लगातार कई वार किए। गंभीर चोट लगने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हमले के दौरान उनके दोनों साथी किसी तरह जान बचाकर वहां से निकले और पुलिस को सूचना दी। वारदात के बाद आरोपी मृतक का मोबाइल और नकदी लेकर फरार हो गए।

सीसीटीवी और तकनीकी जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही जेवरा-सिरसा चौकी पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
गांव में शोक, लोगों में आक्रोश
प्रकाश सिंह कश्यप धमधा ब्लॉक के ग्राम तुमाकला के उपसरपंच थे। उनकी पत्नी देहुती बाई कश्यप वर्तमान में ग्राम पंचायत की सरपंच हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। वहीं स्थानीय लोगों और ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
