रायपुर। थाना खमतराई क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई दो नग मोबाइल फोन, नकद 3,000 रुपये तथा लूट में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन जप्त किया गया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में राहत का माहौल है।
रात में घर लौटते समय दिया वारदात को अंजाम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 23 जनवरी 2026 को प्रार्थी मोहम्मद सिराज ने थाना खमतराई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 22 जनवरी 2026 की रात वह ग्राम चरौदा से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान ग्राम धनेली के पास दो अज्ञात आरोपियों ने उसे रोकने का प्रयास किया।
पीछा कर मारपीट, मोबाइल और नकदी लूटी
प्रार्थी के न रुकने पर आरोपी अपने एक्टिवा वाहन से उसका पीछा करते हुए अंडोर कंपनी, बीरगांव तक पहुंच गए। रात करीब 11:30 बजे आरोपियों ने “गाड़ी क्यों नहीं रोके” कहते हुए प्रार्थी के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और उसकी जेब में रखे दो कीपैड मोबाइल फोन (सैमसंग और आईटेल) तथा 3,000 रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।
CCTV और मुखबिर से मिली अहम जानकारी
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 40/26, धारा 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं थाना खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम द्वारा घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए तथा मुखबिरों को सक्रिय किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने किया जुर्म कबूल
महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर पुलिस ने रविशंकर साहू एवं अनमोल साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें दोनों ने लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
लूटा गया माल और एक्टिवा जप्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी 3,000 रुपये, दो मोबाइल फोन तथा लूट में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन क्रमांक CG-04-LZ-9546 जप्त कर दोनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपी
01. रविशंकर साहू, उम्र 32 वर्ष, निवासी सोनिया नगर, थाना खमतराई, रायपुर
02. अनमोल साहू, उम्र 22 वर्ष, निवासी गोवर्धन नगर, थाना खमतराई, रायपुर
