Monday, April 13, 2026
Home » Blog » ट्रेन यात्रा के दौरान लैपटॉप चोरी, गांधीनगर पुलिस ने आरोपी को घंटों में दबोचा

ट्रेन यात्रा के दौरान लैपटॉप चोरी, गांधीनगर पुलिस ने आरोपी को घंटों में दबोचा

रेलवे स्टेशन प्रतीक्षालय से बैग चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, चोरी का लैपटॉप व सामान बरामद — आरोपी पहले भी कर चुका है ऐसी वारदात

by cgprimenews.com
0 comments
गांधीनगर पुलिस द्वारा गिरफ्तार लैपटॉप चोरी का आरोपी एवं बरामद सामान

अंबिकापुर | थाना गांधीनगर क्षेत्र में ट्रेन यात्रा के दौरान हुई लैपटॉप चोरी की घटना का पुलिस ने चंद घंटों के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया लैपटॉप, बैग एवं अन्य सामान बरामद कर लिया है। मामले में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया ने दिनांक 25 फरवरी 2026 को थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 24 फरवरी 2026 को रायपुर से अंबिकापुर ट्रेन यात्रा के दौरान उसकी पहचान एक अज्ञात युवक से हुई थी। अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद दोनों प्रतीक्षालय में बैठे थे। इसी दौरान प्रार्थिया अपना बैग युवक को देखने के लिए कहकर वॉशरूम चली गई। वापस लौटने पर युवक और बैग दोनों गायब मिले। बैग में Zebronics कंपनी का लैपटॉप, चश्मा एवं कपड़े सहित अन्य सामान रखा हुआ था।

जांच और गिरफ्तारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना गांधीनगर पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 106/26 धारा 331(2), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के बयान एवं संदिग्धों की पहचान के आधार पर आरोपी शुभम महावर (34 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया बैग एवं लैपटॉप बरामद कर लिया गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पूर्व में भी इस प्रकार की घटनाओं में संलिप्त रहा है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

पूरे प्रकरण में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक अभिषेक दुबे एवं आरक्षक उमेश गुप्ता की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

You may also like